Breaking
Fri. May 22nd, 2026

लखनऊ में बिजली संकट दूर करने के लिए सरकार का बड़ा फैसला, दूसरे जिलों के 44 अधिशासी अभियंता उपकेंद्रों पर किए गए तैनात

  • लखनऊ में बिजली संकट दूर करने यूपी के अलग-अलग जिलों से अधिशासी अभियंताओं का ट्रांसफर लखनऊ के विभिन्न उपकेंद्रों पर किया गया है

लखनऊ में भीषण बिजली कटौती से सरकार की किरकिरी हो रही है। जगह-जगह लोगों का विरोध भी देखने को मिल रहा है। आम जनता और नेताओं के निशाने पर बिजली विभाग के अधिकारी हैं। बिजली संकट ज्यादा बढ़ रहा है। इस समस्या को दूर करने के लिए विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या मे अधिशासी अभियंताओं का ट्रांसफर कर लखनऊ के विभिन्न उपकेंद्रों पर तैनात कर दिया गया है।

सरकार की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रशासनिक आवश्यकता को देखते हुए कर्मचारियों को विभिन्न उपकेंद्रों पर तैनाती का आदेश दिया जाता है। आदेश के अनुसार, अलग-अलग जिलों से 44 अधिशासी अभियंताओं का ट्रांसफर लखनऊ के विभिन्न बिजली उपकेंद्रों पर किया गया है।

अधिशासी अभियंताओं के ट्रांसफर की लिस्ट

बिजली मंत्री एके शर्मा ने दी ये जानकारी

बिजली मंत्री एके शर्मा ने एक्स पर कहा कि वर्तमान भीषण गर्मी में उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन जनता को राहत पहुंचाने के लिए यथासंभव अधिक से अधिक बिजली की उपलब्धता करा रहा है। कल 21 मई 2026 को दिन का लोड दोपहर लगभग 2 बजे 29,493 मेगावाट (MW) प्रदान किया गया। आज सुबह 03:19 बजे बिजली की उच्चतम मांग जो आपूर्ति हुई वह 30276 MW रही। अभी आज दोपहर 2:30 बजे की अधिकतम मांग 30357 MW थी। जबकि विगत वर्ष दिन में अधिकतम 28300 मेगावाट आपूर्ति की गई थी। दिन के समय की यह मांग अप्रत्याशित है। और शाम तक बढ़ने की संभावना है। 

उसी प्रकार रात के पीक ऑवर्स (उच्चतम मांग के घंटे) में लोड बढ़कर लगभग 32,000 से 33,000 मेगावाट तक पहुंच रहा है। अभूतपूर्व गर्मी और ऊर्जा एक्सचेंजों (Energy Exchanges) में बिजली की कमी के बावजूद, विभिन्न श्रोतों से बिजली लेकर पावर कॉरपोरेशन राज्य के सभी क्षेत्रों में आपूर्ति कर रहा है। प्रचंड गर्मी में आपको असुविधा न हो इस दृष्टि से हम सब आपको अधिक से अधिक बिजली देने हेतु निरंतर प्रयासरत हैं। 

150 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज

लखनऊ में बिजली संकट को लेकर सड़क जाम के बाद बड़ा एक्शन लिया गया है। प्रदर्शन करने वालों पर केस दर्ज किया गया है। PGI थाने में 150 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उतरेटिया अंडरपास पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया गया था। 

विधायक राजेश्वर सिंह ने लिखा था पत्र

सरोजिनी नगर से बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ने गुरुवार को बिजली वितरण व्यवस्था के कामकाज पर सवाल उठाए। उन्होंने ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को एक पत्र लिखकर तत्काल ढांचागत सुधारों की मांग की। अपने 10 पन्नों के पत्र में विधायक ने बार-बार बिजली गुल होने, कम वोल्टेज, ट्रांसफॉर्मर खराब होने और फीडर ट्रिपिंग जैसी लगातार आ रही समस्याओं को उठाया। उन्होंने कहा कि ये समस्याएं पिछले कई सालों से बनी हुई हैं और मौजूदा लू के दौरान तो और भी बदतर हो गई हैं। बीजेपी विधायक ने अपने विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों का ज़िक्र किया, जहां बिजली की भारी किल्लत हो रही है। 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *