देहरादून : उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं के लिए अब परीक्षा केंद्र खोजने की परेशानी खत्म होने वाली है। राज्य लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने डिजिटल परीक्षा केंद्र प्रबंधन प्रणाली तैयार की है।
इसके तहत एडमिट कार्ड पर दिए गए QR कोड को स्कैन करते ही अभ्यर्थी सीधे अपने परीक्षा केंद्र की सटीक लोकेशन तक पहुंच सकेंगे। साथ ही परीक्षा केंद्रों के चयन से लेकर प्रबंधन तक पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
नई व्यवस्था का लाभ राज्य लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की भर्ती परीक्षाओं में मिलेगा। मोबाइल से एडमिट कार्ड पर मौजूद QR कोड स्कैन करते ही परीक्षा केंद्र की लोकेशन मैप पर खुल जाएगी। इससे दूसरे जिलों में परीक्षा देने वाले और पहली बार परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को केंद्र खोजने में आसानी होगी।

उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं को तकनीक आधारित और उम्मीदवार के हित में बनाने की दिशा में बड़ा कदम।
व्यवस्था
1. QR कोड स्कैन करते ही खुलेगी लोकेशन भर्ती परीक्षा के एडमिट कार्ड पर QR कोड दिया जाएगा। अभ्यर्थी इसे मोबाइल से स्कैन करते ही सीधे गूगल मैप पर अपने परीक्षा केंद्र की सटीक लोकेशन और वहां तक पहुंचने का रास्ता देख सकेंगे। इससे खासकर दूसरे जिलों से आने वाले और पहली बार परीक्षा देने वाले उम्मीदवारों को केंद्र खोजने में परेशानी नहीं होगी।
2. परीक्षा केंद्रों का एक बार पंजीकरण आयोग ने परीक्षा केंद्रों के लिए डिजिटल पोर्टल तैयार किया है। सभी केंद्रों को इस पोर्टल पर सिर्फ एक बार पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद हर नई भर्ती परीक्षा के लिए दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना पड़ेगा। केंद्रों का चयन उनकी बैठक क्षमता, तकनीकी सुविधाओं और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर किया जाएगा, जिससे परीक्षा प्रबंधन अधिक तेज और व्यवस्थित होगा।
3. SMS और ई-मेल से मिलेंगी सूचनाएं नई व्यवस्था में परीक्षा केंद्रों को पंजीकरण, स्वीकृति, परीक्षा संबंधी निर्देश और अन्य महत्वपूर्ण अपडेट SMS व ई-मेल के जरिए स्वतः भेजे जाएंगे। परीक्षा के दिन केंद्र ऑनलाइन उपस्थिति भी दर्ज कर सकेंगे। इससे कागजी कार्रवाई कम होगी और परीक्षा संचालन की निगरानी अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनेगी।

