Breaking
Fri. Feb 20th, 2026

पश्चिम बंगाल के पूर्व CM बुद्धदेव भट्टाचार्य का निधन:80 की उम्र में आखिरी सांस ली; पद्म भूषण सम्मान लेने से इनकार किया था

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री और CPI (M) नेता बुद्धदेव भट्टाचार्य का गुरुवार (8 अगस्त) को निधन हो गया। पूर्व CM ने 80 साल की उम्र में कोलकाता स्थित घर पर अंतिम सांस ली। CPI (M) के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम ने उनकी मौत की पुष्टि की है।

बुद्धदेव भट्टाचार्य बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारियों से पीड़ित थे। उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत थी। पिछले कुछ समय से उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। पिछले साल उन्हें निमोनिया भी हुआ था। लाइफ सपोर्ट पर रहने के बाद वे ठीक हो गए थे।

भट्टाचार्य ने CPI (M) की सरकार में 2000 से 2011 तक, 11 साल बंगाल CM का पद संभाला। 1977 से 2000 तक ज्योति बसु के नेतृत्व में CPI (M) की सरकार थी। लगातार 34 साल सत्ता में रहने के बाद 2011 में तृणमूल कांग्रेस ने कम्युनिस्ट पार्टी को सत्ता से हटाया था।

बुद्धदेव को पश्चिम बंगाल की औद्योगिक क्रांति के लिए जाना जाता है। उनके परिवार में उनकी पत्नी मीरा और बेटी सुचेतना हैं। पद्म भूषण सम्मान लेने से मना करने वाले बुद्धदेव भट्टाचार्य के देहांत पर पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने दुख जताया।

ममता बनर्जी ने X पर लिखा कि बुद्धदेव भट्टाचार्य के अचानक निधन से हैरान और दुखी हूं।

कोलकाता में हुआ था भट्टाचार्य का जन्म
बुद्धदेव भट्टाचार्य का जन्म 1 मार्च 1944 को उत्तरी कोलकाता में एक बंगाली ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनके दादा कृष्णचंद्र स्मृतितीर्थ वर्तमान बांग्लादेश के मदारीपुर जिले के रहने वाले थे। वे संस्कृत स्कॉलर, पुजारी और लेखक भी थे। उन्होंने पुरोहित दर्पण नाम से एक पुरोहित मैनुअल की रचना की थी जो पश्चिम बंगाल में बंगाली हिंदू पुजारियों के बीच आज भी लोकप्रिय है।

बुद्धदेव के पिता नेपालचंद्र ने पारिवारिक प्रकाशन सारस्वत लाइब्रेरी से जुड़े थे। बुद्धदेव भट्टाचार्य की शुरुआती पढ़ाई कोलकाता के ही शैलेन्द्र सरकार स्कूल से हुई थी। इसके बाद उन्होंने यहीं के प्रेसीडेंसी कॉलेज से बंगाली साहित्य में ‌B.A. ऑनर्स की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद वे सरकारी स्कूल में शिक्षक बन गए थे।

बुद्धदेव ने पद्म भूषण लेने से इनकार किया
साल 2022 में बुद्धदेव भट्टाचार्य को पद्म भूषण देने की घोषणा की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे लेने से इनकार कर दिया। CPI(M) महासचिव सीताराम येचुरी ने बताया था- बुद्धदेव ने कहा है कि मैं पद्म भूषण सम्मान के बारे में कुछ नहीं जानता। मुझे किसी ने इसके बारे में नहीं बताया। अगर मुझे पद्म भूषण सम्मान दिया गया है तो मैं इसे अस्वीकार कर रहा हूं।

बुद्धदेव ने कहा था- मोदी PM बने तो देश के लिए खतरनाक
साल 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद देश में NDA की सरकार आई थी। गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को देश का PM चुना गया था। चुनाव से पहले बुद्धदेव भट्टाचार्य ने कहा था- अगर मोदी PM बनते हैं तो ये देश के लिए बहुत खतरनाक होगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *