लखनऊ/वाराणसी/प्रयागराज/कानपुर : यूपी में भीषण गर्मी पड़ रही है। गुरुवार को बांदा लगातार 5वें दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। तापमान 47.6°C रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार सुबह से पूरे प्रदेश में तेज धूप है। गर्म हवाएं चल रही हैं। गर्मी इतनी है कि सुबह 9.30 बजे ही मेरठ और झांसी में तापमान 38°C पहुंच गया। बरेली में मॉर्निंग वॉक पर निकलीं महिलाओं ने कहा- ऐसी गर्मी कभी नहीं देखी।
आज 50 जिलों में गर्मी और हीटवेव (लू) का अलर्ट है। 11 जिलों के लिए रेड अलर्ट है। यानी झुलसाने वाली गर्मी पड़ेगी और बहुत ही ज्यादा गर्म हवाएं चलेंगी। इसके अलावा पश्चिमी यूपी में गर्म रातों का ऑरेन्ज और पूर्वी यूपी में रेड अलर्ट है। यानी यहां रात के वक्त भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। पारा 25°C-30°C के करीब रहेगा।
इस बीच, कानपुर चिड़ियाघर में गैंडा गर्मी से राहत पाने के लिए बाड़े में लगे स्प्रिंकलर के नीचे शावर लेता नजर आया। बाघ और तेंदुआ पूरे दिन पेड़ की छांव या तालाब में गुजार रहे हैं। रेंजर नावेद इकराम ने बताया- वन्यजीवों के लिए लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। खाने में मौसमी और ठंडी चीजें दी जा रही हैं।
लखनऊ में हीट स्ट्रोक और गर्मी के मरीजों के लिए अस्पताल में 10 बेड का विशेष वार्ड बनाया गया है। सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेश चंद्र पांडेय ने बताया- अस्पताल में तीन कमरों वाला एक कोल्ड रूम एरिया भी तैयार किया गया है, जहां लगातार एसी चल रही है। ORS और आइस पैक का इंतजाम किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आ रही सूखी और गर्म हवाएं सीधे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पहुंच रही हैं। इससे मई में ही जून जैसी तपिश भरी गर्मी महसूस हो रही है।
मौसम की डिटेल नीचे बताएंगे, उससे पहले गर्मी में पानी बचाने के 11 तरीके जान लीजिए
गर्मियों में पीने, नहाने, खाना पकाने और साफ-सफाई में भी पानी की खपत बढ़ जाती है। इसलिए ‘जरूरत की खबर’ में आज हम पानी स्टोर करने के आसान टिप्स समझेंगे। साथ ही जानेंगे- गर्मियों में पानी की किल्लत क्यों होती है और गर्मियों में घर में कितने पानी का स्टोरेज होना चाहिए?
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-

मणिपुर की ओर से उत्तरी यूपी से होते हुए एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसके चलते प्रदेश के कई जिलों में पुरवाई (पूर्व दिशा से चलने वाली हवा) चल रही है। इसने गर्मी बढ़ा दी है। तेज धूप और लू से वास्तविक तापमान से 2°C-3°C ज्यादा गर्मी महसूस हो रही है। फिलहाल 7 दिन तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना है।
मौसम?
- 23 मई: पूरे यूपी में तेज धूप निकलेगी। 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। रातें भी गर्म होंगी।
- 24 मई: पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि तेज धूप निकलेगी। पूर्वी यूपी के ज्यादातर शहरों में लू चलेगी।
- 25 मई: पश्चिमी यूपी में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। पूर्वी यूपी में तेज धूप निकलेगी।
- 26 मई: पूरे यूपी में तेज धूप निकलेगी। लू चलने की संभावना है। पूर्वी यूपी में धूल भरी आंधी चल सकती है।
- 27 मई: पूरे यूपी में प्रचंड गर्मी का ऑरेन्ज अलर्ट है। पूवी यूपी में 40 की रफ्तार में धूल भरी हवा चलेगी।

वाराणसी में दोपहर के वक्त गंगा घाट लगभग सूने रहने लगे हैं। भीषण गर्मी और लू के कारण लोगों का आना कम हो गया है।
वाराणसी में गर्मी से हाल बेहाल, 25 मई तक राहत के आसार नहीं
- वाराणसी में गर्मी और लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। यह इस सीजन सर्वाधिक तापमान है। वाराणसी यूपी में तीसरा और देश में 15वां सबसे गर्म जिला रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 25 मई तक राहत के आसार नहीं हैं।
- कृषि विशेषज्ञों ने बताया- तरबूज, बोड़ा, भिंडी, नेनुआ, ककड़ी और लौकी आदि सब्जी फसलों पर ज्यादा असर पड़ रहा है। तापमान बढ़ने से सब्जी की फसलों को ज्यादा पानी देना पड़ रहा है। किसानों की लागत बढ़ रही है। पैदावार पर भी असर पड़ रहा है।
- सारनाथ में चिड़िया घर में रखे गए जानवरों-पक्षियों को गर्मी से बचाने लिए बाड़ों को ग्रीन नेट से ढका गया है। मगरमच्छ और घड़ियाल के बाड़ों में पानी को दिन में दो बार बदला जा रहा है। हिरन ले लिए जगह-जगह पानी के टब रखे गए हैं। जगह-जगह सेंधा नमक रखा गया है।
देश में बांदा ही सबसे गर्म क्यों? जानिए-
बांदा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिनेश के मुताबिक देश में बांदा में सबसे ज्यादा तापमान होने के पीछे मुख्य कारण इसका कर्क रेखा के नजदीक होना है। इसके अलावा सीधी धूप, साफ आसमान, मिट्टी में नमी की कमी वाला पठारी इलाका, सूखती नदियां, जंगलों की कटाई और खनन शामिल हैं।
बिजली कटौती पर लखनऊ में तीसरे दिन भी बवाल, आधी रात सड़क पर उतरे लोग

जानकीपुरम पावर हाउस को लोगों ने घेर लिया। बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
- लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच घंटों बिजली कटौती हो रही है। परेशान लोगों ने गुरुवार रात में भी कई पावर हाउसों का घेराव किया। जगह-जगह प्रदर्शन हुए। बिजली विभाग के अफसर-कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक हुई।
- गुस्साए लोगों ने जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने लोगों को किसी तरह से शांत कराया। गोमतीनगर सेक्टर 5 स्थित पावर हाउस पर रात में 3 घंटे से अधिक समय तक प्रदर्शन हुआ। आधी रात में जानकीपुरम पावर हाउस का घेराव करके नारेबाजी हुई।
- मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाकर लोगों को शांत कराया। बनी पावर हाउस पर भी देर रात को पहुंचे लोगों ने हंगामा किया। फैजुल्लागंज और इंदिरा नगर सेक्टर 25 पावर हाउस पर भी रात में कई घंटे हंगामा हुआ।

