हाथरस : हाथरस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 23 जून को प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। तैयारियों का जायजा लेने के लिए अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने शुक्रवार को प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल सलेमपुर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा भी मौजूद रहे।
मंडलायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड, पंडाल, मंच, वीआईपी एवं आमजन की बैठक व्यवस्था, मीडिया दीर्घा, पार्किंग स्थल, यातायात प्रबंधन, बैरीकेटिंग तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियों को समय पर पूरा करें। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, छाया, पेयजल, चिकित्सा टीम तथा एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा और आवागमन की सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही साफ-सफाई, बैरीकेटिंग, पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी एवं आमजन के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग, अग्निशमन तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस दौरान जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंडलायुक्त को अवगत कराया कि सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार युद्धस्तर पर तैयारियां कराई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि हेलीपैड, मंच, पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सासनी, मुख्य चिकित्साधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

