भोपाल/जयपुर/लखनऊ/पटना : देश में मानसून की बारिश के रिकॉर्ड के 126 साल के इतिहास में दूसरा सबसे सूखा जून बीत रहा है। 21 जून तक 57.4 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 42.2% कम है। इससे पहले 2009 में पूरे जून में कोटे से 49% कम बारिश रिकॉर्ड हुई थी। इससे मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में खेती पर बुरा असर पड़ा था।
हालांकि, मानसून दो हफ्ते बाद अब आगे बढ़ सकता है। बंगाल की खाड़ी में एक सिस्टम बना है, जो मानसून को छत्तीसगढ़ तक पहुंचाएगा।
रविवार को मेघालय के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई। खासी हिल्स जिले के मॉसिनराम में 24 घंटे में 530 मिमी बारिश दर्ज की गई। यानी एक रात में यहां जितनी बारिश हुई, उतनी जोधपुर-बीकानेर में 6 महीने में होती है।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में रविवार को ओले गिरे। वहीं, एमपी के 5 जिलों में आज हीटवेव का अलर्ट है। उत्तर प्रदेश के 38 जिलों में लू चल सकती है।

मुंबई में सोमवार सुबह तेज बारिश के बाद कुछ इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया।

तमिलनाडु के थूथुकुडी में तेज चक्रवाती हवाओं से नुकसान हुआ। एयरपोर्ट विस्तार कार्य के लिए लगाए गए अस्थायी टिन शेड हवाओं में उड़ गए।

कोलकाता में रविवार को भारी बारिश हुई। दिन के समय अचानक मौसम बदला, जिससे लोग भीगने से बचने के लिए भागते नजर आए।

तमिलनाडु में मानसूनी बादल बारिश करवा रहे हैं। रविवार को थूथुकुडी में काले बादलों के बीच एक बवंडर दिखाई दिया।
गर्मी से जूझ रहे 8 राज्य, विदर्भ में रात में भी लू चल रही
उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ इलाकों में तापमान 40-42°C के बीच है। तेलंगाना, बिहार, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ अलग-अलग इलाकों में भी तापमान इसी रेंज में है।
विदर्भ के 8 जिलों में लगातार गर्मी के कारण रातें भी गर्म हो रही हैं। यहां रात में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है।
इधर, उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार दूसरे दिन देश में सबसे गर्म रहा। यहां पारा 42.6 रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा कानपुर, वाराणसी, बहराइच और प्रयागराज में भी पारा 42 डिग्री से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ। राजस्थान के श्रीगंगानगर और हरियाणा के रोहतक में भी पारा 42 डिग्री से ऊपर रहा।
मानसून अटकने के कारण क्या हुआ
- बुआई प्रभावित: 12 जून तक कुल खरीफ बुआई सालाना आधार पर 3.9% घटकर 84.6 लाख हेक्टेयर रही।
- फसलों पर असर: दालों का रकबा 43.2% और कपास का 28% घटा। हालांकि, धान की बुआई में 28.4% की बढ़त दर्ज हुई।
- राहत की बात: जलाशयों का जलस्तर, क्षमता का 28.3% है, जो 10 साल के औसत से 16% अधिक है (सिंचाई के लिए बफर)।
- जोखिम: जुलाई-अगस्त की बारिश पर रिकवरी निर्भर करेगी। कमी रहने पर खाद्य महंगाई और ग्रामीण आय पर दबाव बढ़ सकता है।
23 जून:
- असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
- मानसून के कारण ओडिशा, केरलम, कर्नाटक, तेलंगाना, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भारी बारश होगी।
- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ समेत महाराष्ट्र के विदर्भ में हीटवेव रहेगी, विदर्भ के 8 जिलों में रातें भी गर्म होंगी।
- राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा में प्री-मानसून एक्टिव रहने से आंधी-बारिश हो सकती है।
24 जून:
मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लगातार तीसरे दिन हीटवेव की चेतावनी जारी की गई है।
असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में लगातार दूसरे दिन भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
मानसून के कारण सिक्किम, कोंकण-गोवा, तेलंगाना और तटीय कर्नाटक में भारी बारिश होगी।
आंध्र प्रदेश, मराठवाड़ा, झारखंड, ओडिशा में भी तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

