मथुरा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हनुमानगढ़ी और जामा मस्जिद को लेकर दिए गए बयान के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। मंगलवार को मथुरा के गोवर्धन चौराहा समेत कई स्थानों पर विवादित होर्डिंग लगे मिले। इनमें समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का आरोप लगाते हुए कई राजनीतिक टिप्पणियां लिखी गई थीं।
मामला सामने आने के बाद सपा नेताओं ने मौके पर पहुंचकर होर्डिंग फाड़ दिए। उनका आरोप है कि चुनाव से पहले भाजपा हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर रही है और अन्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।
होर्डिंग में क्या लिखा था?
मंगलवार सुबह जब लोग घरों से निकले तो गोवर्धन चौराहा और एफसीआई गोदाम के पास कई विवादित होर्डिंग लगे दिखाई दिए। इनमें लिखा था-सपा-कांग्रेस ने हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का पाप किया” और “दिल में बाबर, मुंह में राम”।
होर्डिंग में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव की तस्वीरें भी लगाई गई थीं। साथ ही अखिलेश यादव के पुराने बयान का जिक्र किया गया, जिसमें अयोध्या में रात के अंधेरे में मूर्तियां रखे जाने की बात कही गई थी। इन दावों के साथ अखबार और टीवी चैनलों की कुछ कटिंग भी लगाई गई थीं।

गोवर्धन चौराहा के आसपास विवादित पोस्टर लगाए गए हैं।
रामगोपाल यादव के बयान का भी जिक्र
होर्डिंग में राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव के एक पुराने बयान का भी उल्लेख किया गया। उसमें लिखा था, “जिन्हें आप रामलला कहते हैं, क्या वह मस्जिद में अवैध कब्जेदार नहीं थे?” इस दावे के समर्थन में भी अखबार और टीवी चैनलों की कटिंग लगाई गई थीं।

होर्डिंग में राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव के बयान का भी जिक्र किया गया।
सपा नेताओं ने मौके पर पहुंचकर फाड़े होर्डिंग
शहर के प्रमुख चौराहों पर विवादित होर्डिंग लगाए जाने की जानकारी मिलते ही समाजवादी पार्टी के नेता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने होर्डिंग पर चढ़कर पोस्टर फाड़ दिए और विरोध जताया।
सपा नेताओं का आरोप है कि चुनाव से पहले भाजपा सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है। उनका कहना है कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी जैसे मामलों से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस तरह के होर्डिंग लगाए जा रहे हैं।

