- राल गांव के तिलक सिंह इंटर कॉलेज की घटना; हादसे के बाद चालक बस लेकर फरार, आक्रोशित ग्रामीणों ने की तोड़फोड़
मथुरा : जनपद के जैंत थाना क्षेत्र स्थित राल गांव के तिलक सिंह इंटर कॉलेज में गुरुवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब एक स्कूल बस ने कक्षा दो के छात्र को रौंद दिया। हादसे में मासूम छात्र नितिन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।
क्लास 2 में पढ़ता था नितिन
जैंत थाना क्षेत्र स्थित राल गांव के तिलक सिंह इंटर कॉलेज में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल बस की चपेट में आने से कक्षा दो के छात्र नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में कॉलेज परिसर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने कॉलेज के मुख्य गेट सहित कई खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। सूचना मिलते ही जैंत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास शुरू किया।

आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में कॉलेज परिसर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया
मौके पर पहुंची पुलिस
स्थिति को तनावपूर्ण देखते हुए चौकी पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर बुला लिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर माहौल शांत कराने की कोशिश की। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

