- थलापति विजय की पत्नी संगीता ने चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट में दायर अपनी तलाक की अर्जी वापस ले ली है
चेन्नई : तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय की पत्नी संगीता ने शुक्रवार को चेंगलपट्टू की फैमिली कोर्ट में दायर अपनी तलाक की अर्जी वापस ले ली है।
शुक्रवार को जब उनकी अर्जी पर सुनवाई हुई, तो संगीता ने वीडियो-कॉन्फ्रेसिंग के जरिए कोर्ट में पेश होकर केस आगे न बढ़ाने की वजह बताई। जिसके बाद कोर्ट ने केस का निपटारा कर दिया।
स्थानीय अदालत ने 15 जून को विजय और उनकी पत्नी के तलाक के केस की कार्यवाही स्थगित कर दी थी और अगली सुनवाई 7 अगस्त के लिए तय की थी।
फरवरी 2026 में, संगीता ने स्पेशल मैरिज एक्ट, 1954 के तहत चेंगलपट्टू कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की और अपनी शादी खत्म करने की मांग की। खबरों के मुताबिक, अर्जी में एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर, मानसिक क्रूरता, उपेक्षा और साथ छोड़ देने का आरोप लगाया गया था।’
संगीता ने लगाए थे विजय पर आरोप
कोर्ट में दायर अर्जी के अनुसार, संगीता ने दावा किया था कि उन्हें 2021 में पता चला कि विजय कथित तौर पर एक एक्ट्रेस के साथ एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर में शामिल थे।
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने आरोप लगाया कि यह इस रिश्ते में रहते हुए उन्हें मानसिक परेशानी हुई।
अर्जी में यह भी दावा किया गया कि विजय परिवार से दूर होते गए, उन्हें अपने प्रोफेशनल और पब्लिक कार्यक्रमों से अलग रखा और भावनात्मक, शारीरिक और आर्थिक सहयोग देना बंद कर दिया।
साल 1998 में हुई थी विजय-संगीता की शादी
विजय और संगीता की शादी पहले 1998 में ब्रिटेन में रजिस्टर हुई थी और फिर 1999 में चेन्नई में पारंपरिक तरीके से शादी हुई थी। उनके दो बच्चे हैं – जेसन संजय और दिव्या साशा।
जब संगीता ने विजय के साथ पब्लिक इवेंट्स में जाना बंद कर दिया, तो कुछ समय तक उनके अलग होने की अफवाहें उड़ती रहीं, लेकिन कोर्ट में मामला जाने से पहले किसी ने भी इन अफवाहों पर कोई बात नहीं की।

