मथुरा : मथुरा में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने UPI पर प्रस्तावित शुल्क के विरोध में प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रतीकात्मक ‘गिफ्ट’ भेजा। कांग्रेस ने इसे UPI पर ₹2,000 से अधिक के मर्चेंट भुगतान पर प्रस्तावित 0.4% MDR के विरोध का तरीका बताया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा- ₹2,000 से अधिक के UPI लेन-देन पर शुल्क लगाने का फैसला युवाओं, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं के लिए अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ाने वाला है। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के बजाय इस तरह के शुल्क से लोगों में असमंजस की स्थिति पैदा होगी।
2 तस्वीरें देखिए…

मथुरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने UPI पर प्रस्तावित शुल्क के विरोध में प्रदर्शन किया।

बड़ी संख्या में जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
2 हजार से ज्यादा का गिफ्ट भेजा
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को भेजे गए प्रतीकात्मक गिफ्ट में शुद्ध देसी घी, हवन सामग्री, कपूर, धूप-बत्ती और अगरबत्ती समेत पूजा सामग्री रखी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गिफ्ट की कीमत ₹2,000 से अधिक रखी गई है। इसके जरिए ₹2,000 से अधिक के UPI भुगतान पर प्रस्तावित शुल्क का विरोध दर्ज कराया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने UPI पर प्रस्तावित MDR को वापस लेने और आम लोगों को राहत देने की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि ने किया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष उमेश शर्मा, जिला महामंत्री मनोज गौड़, बलवीर प्रधान, हरवीर सिंह, दुर्गेश बघेल, ललिता देवी, रूपा लवानिया, गीता दिवाकर, रमेश कश्यप, रवि वाल्मीकि, दीपक सिंह, हाशिम हुमेंर, बलवीर सिंह, शैलेंद्र चौधरी, महेश चौबे, धीरू चौधरी, पूरन सिंह, मंजू देवी, राजेश कुमार, दिलशाद खान, रूपवती, गुड्डी देवी, रीता देवी, अमरावती और नम्रता समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

