सहारनपुर : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार दोपहर सहारनपुर में दलित कार्यकर्ता के घर पहुंचे। यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और कार्यकर्ता अजब सिंह के साथ बैठकर खाना खाया। उन्हें अरहर की दाल, रोटी, पुलाव, आलू की सूखी सब्जी, रायता और आइसक्रीम परोसी गई। नितिन नवीन 25 मिनट तक अजब सिंह के घर रुके।
नितिन नवीन ने संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। इस दौरान लोगों ने उन्हें रविदास महाराज की मूर्ति और पुस्तक भेंट की।
इससे पहले नितिन नवीन ने पश्चिमी यूपी के सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ होटल सरोवर में बैठक की। उन्होंने जिलाध्यक्षों से चुनावी तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान पदाधिकारियों ने पार्टी और संगठन में सम्मान नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर नितिन नवीन ने कहा- सभी मिलकर पार्टी को जिताने का काम करें। किसी की उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी। सरकार बनने पर पार्टी उन्हें उचित सम्मान देने का काम करेगी।

नितिन नवीन और पंकज चौधरी ने दलित कार्यकर्ता अजब सिंह के घर पहुंचकर भोजन किया।

सहारनपुर पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हाथ जोड़कर स्वागत करने पहुंचे कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।

नितिन नवीन ने संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
बड़ी बातें
2027 में प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी
बैठक से बाहर निकलने के बाद मीडिया कर्मियों से नितिन नवीन ने कहा- हमें सभी समाज को पूरी तरह जोड़कर आगे बढ़ाना है। यूपी में लगातार विकास हो रहा है। आज सहारनपुर और पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कार्यकर्ताओं से बातचीत की। कार्यकर्ताओं का उत्साह और ऊर्जा संकेत दे रही है कि 2027 में भाजपा फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। कार्यकर्ताओं के साथ जनता भी सड़कों पर नजर आई।
यूपी कभी माफियाओं के लिए जाना जाता था
भाजपा अध्यक्ष ने कहा- जिस राज्य को कभी माफियाओं के लिए जाना जाता था, आज वही यूपी युवाओं, सेमीकंडक्टर और एआई के लिए दुनिया में पहचान बना रहा है। एक्सप्रेस-वे और ब्रह्मोस जैसी मिसाइल का निर्माण नए यूपी की पहचान है।
सहारनपुर में 22% दलित आबादी, हार-जीत तय करते हैं
सहारनपुर में 7 विधानसभा सीटें हैं- बेहट, नकुड़, सहारनपुर नगर, सहारनपुर देहात, देवबंद, रामपुर मनिहारन और गंगोह। इनमें रामपुर मनिहारन अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व है। 2011 की जनगणना के अनुसार, जिले में मुस्लिम आबादी करीब 43% और अनुसूचित जाति की आबादी करीब 22% है।
पॉलिटिकल एक्सपर्ट के मुताबिक, जिले की सभी विधानसभा सीटों पर दलित वोटर्स हार-जीत में अहम भूमिका निभाते हैं। नितिन नवीन ने दलित कार्यकर्ता के घर जाकर दलित वोटर्स को साधने का प्रयास किया है। 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सात में से पांच सीटें जीती थीं, जबकि सपा के खाते में दो सीटें गई थीं। बसपा और कांग्रेस अपना खाता नहीं खोल सकी थीं।
यूपी अब सेमीकंडक्टर-एआई के लिए पहचान बना रहा
नितिन नवीन ने कहा- मैं कह सकता हूं कि जिस राज्य को कभी माफियाओं के लिए जाना जाता था, आज वही राज्य युवाओं, सेमीकंडक्टर और एआई के लिए दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। आज का उत्तर प्रदेश अपने विकास, एक्सप्रेसवे और नए-नए आयामों के लिए जाना जा रहा है। ब्रह्मोस जैसी मिसाइल का निर्माण यहां हो रहा है। यह नए उत्तर प्रदेश की पहचान है, जो हर उत्तर प्रदेशवासी को गौरवान्वित करता है। उत्तर प्रदेश से उत्तम प्रदेश की दिशा में हम सब मिलकर आगे बढ़ रहे हैं।

