नई दिल्ली : दिल्ली में आज विपक्षी दलों के I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठक होगी। इसमें स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR और चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों पर चर्चा होगी।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बैठक में शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह पार्टी के दूसरे नेता पहुंचेंगे। ममता बनर्जी एक दिन पहले ही दिल्ली पहुंच गईं।
उधर विपक्ष की बैठक को लेकर दिल्ली में पोस्टर लगे हैं। जिसमें लिखा है कि विपक्षी गठबंधन चुनाव जीतने पर ECI को ताली देता है, हारने पर गाली देता है।
I.N.D.I.A. ब्लॉक की पिछले 3 सालों के दौरान यह 8वीं बैठक होगी। वहीं इस साल की दूसरी बैठक होगी। इससे पहले 8 जून को SIR और चुनाव आयोग की स्वतंत्रता के मुद्दे पर विपक्षी दलों की बैठक हुई थी। हालांकि, इसमें AAP और DMK शामिल नहीं हुई थी।
लखनऊ में किसानों के सम्मेलन में रहेंगे अखिलेश
सपा ने बताया है कि अखिलेश यादव 30 सितंबर को लखनऊ में किसानों के सम्मेलन में शामिल होंगे। पार्टी के मुताबिक, अखिलेश की कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से इस बारे में बात भी हुई है।
वहीं कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी कहा कि अखिलेश पहले से तय कार्यक्रम के कारण बैठक में नहीं आ पाएंगे। उन्होंने राज्यसभा चुनाव के नामांकन से जुड़ी व्यस्तता का जिक्र किया था।
बैठक में ममता बनर्जी भी शामिल होंगी, एक दिन पहले दिल्ली पहुंची
INDIA ब्लॉक की बैठक में कांग्रेस की तरफ से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी शामिल हो सकते हैं। तृणमूल कांग्रेस चीफ ममता बनर्जी भी हिस्सा लेंगी। वे एक दिन पहले ही दिल्ली पहुंच गईं।
इसके अलावा राजद की तरफ से तेजस्वी यादव, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और सीपीआई (एम) के महासचिव एमए बेबी के बैठक में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
27 सितंबर: केजरीवाल से मिले बेबी, कहा- मैंने बैठक का न्योता नहीं दिया

सीपीआई(एम) महासचिव बेबी 27 सितंबर को केजरीवाल से मिलने उनके घर गए थे।
सीपीआई(एम) महासचिव बेबी ने केजरीवाल से मुलाकात के बाद कहा था कि कांग्रेस INDIA ब्लॉक की बैठक को लेकर पार्टियों के बीच समन्वय का काम देख रही है। मैंने अरविंद केजरीवाल को बैठक के लिए न्योता नहीं दिया है।
बेबी के मुताबिक, केजरीवाल ने कहा कि चुनाव आयोग के खिलाफ एक मजबूत अभियान चलाने की जरूरत है। केजरीवाल ने इस मुद्दे पर अपनी पार्टी के नेताओं से चर्चा करने की बात कही है। बेबी ने कहा कि उन्होंने INDIA ब्लॉक से बाहर की पार्टियों को भी पत्र लिखा है।
संसद में CEC के खिलाफ प्रस्ताव लाने पर चर्चा संभव
बैठक में SIR को लेकर चुनाव आयोग के भीतर सामने आए मतभेदों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर आगे की रणनीति पर भी बात हो सकती है।
कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, बैठक में संसद में उनके खिलाफ प्रस्ताव लाने और विपक्षी दलों की संयुक्त कार्रवाई पर भी चर्चा हो सकती है।
AAP-DMK पिछली बैठक में नहीं आए, लेकिन जॉइंट लेटर पर साइन किए
INDIA ब्लॉक की बैठक करीब साढ़े तीन महीने बाद हो रही है। इससे पहले 8 जून की बैठक में 23 दल शामिल हुए थे। इसमें मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे, उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती समेत कई बड़े नेता पहुंचे थे।
AAP और DMK इस बैठक में शामिल नहीं हुए थे। हालांकि, SIR के मुद्दे पर विपक्षी दलों ने 28 जून को CJI सूर्यकांत को जॉइंट लेटर भेजा था। इसमें चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दे उठाए गए थे। AAP और DMK ने भी इस जॉइंट लेटर पर साइन किए थे।

INDIA ब्लॉक के नेताओं ने CJI को भेजे संयुक्त पत्र में आरोप लगाया कि पिछले कुछ सालों में चुनाव आयोग की स्वतंत्रता कमजोर हुई है।

