जोधपुर : बाजार का खाना और जंक फूड बच्चों को बीमार कर रहा है। इतना ही नहीं, उम्र में बड़े लोगों को होने वाली बीमारियां बच्चों को होने लगी हैं। बच्चों के लिए जंक फूड कितना खतरनाक है। इसे लेकर डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के पीडियाट्रिक डिपार्टमेंट के हेड डॉ. मोहन मकवाना से दैनिक भास्कर ने बातचीत की। इसमें उन्होंने बताया- 100 में से 12 बच्चे जंक फूड की वजह से ब्लड प्रेशर (BP) और शुगर जैसी बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। इनमें 7 से 8 साल तक के बच्चे भी शामिल हैं।
जंक फूड में मिलाए जाने वाले केमिकल और आर्टिफिशियल कलर बच्चों की ग्रोथ पर भी असर डाल रहे हैं। इनकी वजह से बच्चों को ग्लूटेन (गेहूं) एलर्जी जैसी बीमारियां भी हो रही हैं।
जंक फूड में ज्यादा तेल, शुगर और एडिबल कंटेंट के साथ एक्स्ट्रा कलर होता है। कई प्रोडक्ट्स ऐसे भी हैं, जिन्हें अल्ट्रा प्रोसेस्ड से गुजारा जाता है। इन सभी की वजह से उस खाने की न्यूट्रिशनल वैल्यू कम हो जाती है। ये केवल खाने में ज्यादा स्वादिष्ट लगता है।
कितने साल तक के बच्चों को जंक फूड से दूर रखना चाहिए?
वैसे जंक फूड सभी उम्र के लोगों के लिए खतरनाक है। बच्चों की बात की जाए तो ग्रोइंग ऐज यानी 18 साल तक के बच्चों को जंक फूड से दूर रखना चाहिए। इसका कारण ये है कि शुगर और ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियां जो बड़े उम्र के लोगों में होती थी, वे अब बच्चों में हो रही हैं।
बच्चों के लिए हेल्दी फूड कौनसा होता है?
जवाब: जिनमें पानी साफ हो, मिलावट बिल्कुल न हो, ऑयल को एक बार ही यूज करते हों। इसके अलावा जिनमें फैट, सॉल्ट और शुगर का कंटेंट कम हो।

