लखनऊ : यूपी सरकार ने बुधवार दोपहर 20 IPS अफसरों के ट्रांसफर कर दिए। 10 कप्तान बदले गए हैं। जौनपुर, मुजफ्फरनगर, बाराबंकी, हापुड़ और मऊ के SP को साइडलान कर दिया गया है। जबकि जालौन, बागपत और गाजीपुर, बलिया, बस्ती जिलों के कप्तानों को दूसरे जिलों की कमान सौंपी गई है।
इसके अलावा, लखनऊ की DCP रवीना त्यागी को बाराबंकी का SP बनाया गया है। सर्वेश कुमार मिक्षा को प्रयागराज PAC कमांडेंट से मऊ जिले की जिम्मेदारी दी गई है। डीजीपी के स्टॉफ अफसर पूर्णेंदू सिंह को बागपत का SP बनाया गया है। मथुरा SP सिटी सुरेश चंद्र रावत को जालौन की कमान सौंपी गई है। आजमगढ़ के SP सिटी मधुवन सिंह को हापुड़ की कमान सौंपी गई है।


क्यों बदले गए अफसर
- संजय कुमार: राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। 2014 में PPS से प्रमोशन पाकर IPS बने। मुजफ्फरनगर जैसे जिले में उनकी कैपेबिलिटी पर सवाल उठाए जा रहे थे। शायद यही वजह रही कि उन्हें साइडलाइन करते हुए प्रयागराज PAC में कमांडेंट बनाकर भेजा गया है।
- कुंवर अनुपम सिंह: सितंबर में जौनपुर के करंजाकला गोलीकांड और एक हत्या के मामलों में पुलिस की लापरवाही सामने आई थी। इसके बाद 10 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करनी पड़ी थी। कई थाना प्रभारियों को बदला गया था। 24 सितंबर को लूट-वसूली के मामलों में दो पुलिसकर्मियों समेत पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। यहां लगातार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे थे। माना जा रहा है कि इसके चलते ही इन्हें PAC पुलिस मुख्यालय भेजा गया है।
- ज्ञानंजय सिंह: हापुड़ में लंबे समय तक रहने वाले ज्ञानंजय सिंह और उनके सीनियर अफसरों के साथ तालमेल ठीक नहीं चल रहा था। इनके कार्यकाल में हापुड़ पुलिस में भ्रष्टाचार की शिकायतें भी आ रही थीं, जिसकी शिकायत लखनऊ भी पहुंची थी। इसके बाद ज्ञानंजय को हटाकर प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में DCP बनाकर भेजा गया है।

