Breaking
Sun. Nov 22nd, 2026

हर महीने 38 लाख रुपये किराया देंगे आमिर खान, मुंबई में लिए 3 आलीशान फ्लैट, चार साल के लिए हुई करोड़ों की डील

  • आमिर खान ने मुंबई के सांताक्रूज में तीन लग्जरी फ्लैट चार साल के लिए किराए पर लिए हैं, इनका कुल मासिक किराया 38 लाख रुपये है

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान एक बार फिर मुंबई में अपनी लग्जरी रेंटल प्रॉपर्टी को लेकर चर्चा में हैं। अभिनेता ने मुंबई के सांताक्रूज वेस्ट इलाके में तीन आलीशान अपार्टमेंट किराए पर लिए हैं। इन तीनों फ्लैट का कुल मासिक किराया 38 लाख रुपये है। प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक, यह लीज एग्रीमेंट चार साल के लिए किया गया है। तीनों अपार्टमेंट का कुल कारपेट एरिया 12,200 वर्ग फुट है। खास बात यह है कि इन फ्लैट्स के साथ अभिनेता को कुल नौ कार पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी। इस रेंटल डील के सामने आने के बाद आमिर खान की मुंबई में प्रॉपर्टी और रियल एस्टेट निवेश को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

14वीं, 12वीं और 11वीं मंजिल पर हैं तीनों अपार्टमेंट

प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के अनुसार, आमिर खान ने सांताक्रूज वेस्ट स्थित सीजन्स त्रिमूर्ति में ये तीन अपार्टमेंट लिए हैं। ये फ्लैट बिल्डिंग की 14वीं, 12वीं और 11वीं मंजिल पर स्थित हैं। इनमें सबसे बड़ा अपार्टमेंट 6200 वर्ग फुट का है, जबकि बाकी दोनों का क्षेत्रफल 3000-3000 वर्ग फुट है। इस तरह तीनों फ्लैट का कुल कारपेट एरिया 12200 वर्ग फुट होता है। किराए की बात करें तो सबसे बड़े अपार्टमेंट के लिए आमिर खान हर महीने 20 लाख रुपये चुकाएंगे। वहीं अन्य दोनों फ्लैट का किराया 9-9 लाख रुपये प्रति माह तय किया गया है। इस तरह उनका कुल मासिक किराया 38 लाख रुपये होगा। प्रत्येक अपार्टमेंट के साथ तीन कार पार्किंग की जगह भी दी गई है। यानी तीनों फ्लैट के लिए कुल नौ गाड़ियों की पार्किंग उपलब्ध होगी।

2027 से शुरू होगा चार साल का रेंट एग्रीमेंट

दस्तावेजों के मुताबिक, आमिर खान और प्रॉपर्टी कंपनी सीजन्स एवेन्यूज प्रॉपर्टीज के बीच यह लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट किया गया है। इसकी अवधि 48 महीने यानी चार साल रखी गई है। एग्रीमेंट 1 जनवरी 2027 से शुरू होकर 31 दिसंबर 2030 तक चलेगा। किराए में हर साल 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। वहीं, तीनों अपार्टमेंट के लिए कुल 38 लाख रुपये सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा किया गया है, जो एक महीने के किराए के बराबर है। मौजूदा किराए के हिसाब से आमिर खान को हर साल 4.56 करोड़ रुपये किराए के रूप में खर्च करने होंगे। हालांकि सालाना 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी के कारण आने वाले वर्षों में यह रकम बढ़ती जाएगी। एग्रीमेंट के अनुसार, सोसायटी मेंटेनेंस, पानी के बिल और मौजूदा व भविष्य के प्रॉपर्टी एवं म्युनिसिपल टैक्स की जिम्मेदारी मकान मालिक की होगी। इसके अलावा अभिनेता इन अपार्टमेंट में बिना अनुमति किसी तरह का ढांचागत बदलाव या स्थायी निर्माण नहीं कर सकेंगे।

2025 में भी किराए पर लिए थे चार फ्लैट

यह पहली बार नहीं है जब आमिर खान ने मुंबई में बड़े स्तर पर किराए पर घर लिया हो। इससे पहले साल 2025 में उन्होंने बांद्रा के पाली हिल इलाके में चार अपार्टमेंट किराए पर लिए थे। विलनोमोना अपार्टमेंट्स में स्थित इन फ्लैट्स का कुल मासिक किराया 24.5 लाख रुपये बताया गया था। मई 2025 में रजिस्टर्ड यह एग्रीमेंट पांच साल के लिए किया गया था, जो मई 2030 तक चलेगा। इस डील में 45 महीने का लॉक-इन पीरियड और 1.46 करोड़ रुपये से अधिक का सिक्योरिटी डिपॉजिट शामिल था। उस एग्रीमेंट में भी हर साल 5 प्रतिशत किराया बढ़ाने का प्रावधान था। आमिर खान के पाली हिल में किराए के घर में शिफ्ट होने की वजह बांद्रा स्थित विर्गो को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी की री-डेवलपमेंट परियोजना बताई गई थी। इस सोसायटी में अभिनेता के करीब 12 अपार्टमेंट होने की जानकारी सामने आई थी। फिलहाल यहां वाधवा ग्रुप, मैन इंफ्राकंस्ट्रक्शन और चांडक ग्रुप के संयुक्त उपक्रम एटमॉस्फियर रियल्टी की ओर से पुनर्विकास का काम किया जा रहा है।

मुंबई में कई प्रॉपर्टी के मालिक हैं आमिर खान

आमिर खान का मुंबई में रियल एस्टेट पोर्टफोलियो भी काफी बड़ा बताया जाता है। पाली हिल में किराए के अपार्टमेंट के अलावा अभिनेता ने जून 2024 में बेला विस्टा अपार्टमेंट्स में 1,027 वर्ग फुट का एक फ्लैट 9.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस सौदे पर 58.5 लाख रुपये स्टांप ड्यूटी और 30 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस चुकाई गई थी। इसके अलावा उनके पास हिल व्यू, बेला विस्टा और मरीना अपार्टमेंट्स में भी आवासीय संपत्तियां होने की जानकारी है। बांद्रा में उनका एक सी-फेसिंग घर भी बताया जाता है। वहीं, मुंबई की व्यस्त जिंदगी से दूर महाराष्ट्र के लोकप्रिय हिल स्टेशन पंचगनी में भी आमिर खान का करीब दो एकड़ में फैला फार्महाउस है। इसकी अनुमानित कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये बताई जाती है। अभिनेता और डेवलपर की ओर से इस नई रेंटल डील पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *