आगरा : आगरा के ताजमहल में सुरक्षा में तैनात CISF जवानों पर दिल्ली से आए पर्यटक और उनके परिजनों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। पर्यटक का तीन साल का बच्चा कुछ देर के लिए परिवार से बिछड़ गया था। आरोप है कि बच्चे को अपने पास रखने और उसे परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया के दौरान जवानों और पर्यटकों के बीच विवाद हो गया। मामला मारपीट तक पहुंच गया।
घटना रविवार शाम करीब 4 बजे ताजमहल के पूर्वी गेट के अंदर दाईं ओर बने CISF कंट्रोल रूम के पास की है। पर्यटक साजिद का आरोप है कि जवान उन्हें और उनके परिजनों को पीटते हुए कंट्रोल रूम से बाहर तक ले आए। इस दौरान परिवार की महिलाएं बीच-बचाव करती रहीं और मदद के लिए चिल्लाती रहीं।

पूर्वी गेट के पास हुई मारपीट
बच्चे का आधार कार्ड मांगने पर हुआ विवाद
साजिद ने बताया कि वह परिवार के साथ दिल्ली से ताजमहल घूमने आए थे। इसी दौरान उनका तीन साल का बच्चा करीब पांच मिनट के लिए परिवार से बिछड़ गया। CISF जवानों ने बच्चे को अपने पास रख लिया और उसका आधार कार्ड दिखाने को कहा।
साजिद के मुताबिक, बच्चे का आधार कार्ड घर पर छूट गया था, लेकिन मोबाइल में पहचान से जुड़े दूसरे दस्तावेज मौजूद थे। आरोप है कि इस पर जवानों ने कहा कि बच्चा चार दिन बाद मिलेगा और उसे लेने के लिए थाने जाना होगा। इसके बाद उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया और कंट्रोल रूम में ले जाकर पिटाई की गई।
वीडियो में पर्यटकों को पीटते दिखे जवान
घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें पूर्वी गेट के पास सुरक्षा बैरिकेडिंग के बाहर कुछ पर्यटक खड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि CISF के जवान बैरिकेडिंग के अंदर हैं। वीडियो में जवानों और पर्यटकों के बीच मारपीट होती नजर आ रही है। कुछ लोग बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश करते हैं, लेकिन इसके बावजूद विवाद जारी रहता है।
ताजगंज की गलियों में भटकता रहा परिवार
साजिद का आरोप है कि मारपीट के बाद परिवार किसी तरह वहां से निकला। इसके बाद वे ताजगंज की गलियों में भटकते रहे। इस दौरान साजिद की तबीयत भी खराब हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
वहीं, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए CISF से घटना को लेकर जवाब मांगा है। फिलहाल जवानों पर लगे आरोपों और मारपीट की घटना को लेकर CISF का पक्ष सामने आना बाकी है।

