Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

मणिपुर में अज्ञात बंदूकधरियों और सेना के बीच गोलीबारी, कांग्रेस ने की ये मांग

नई दिल्ली : मणिपुर में लगातार गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। राजधानी इंफाल में गुरुवार 22 जून की सुबह फिर से गोलीबारी हुई है। अबतक मिली जानकारी के मुताबिक असम राइफल्स और उपद्रवियों के बीच गोलीबारी की ये घटना सुबह पांच बजे इंफाल पश्चिम जिले के उत्तरी बोलजंग इलाके में हुआ है। बंदूकधारियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अज्ञात बंदूकधारियों और असम राइफल्स के जवानों के बीच गोलीबारी की घटना हुई है, लेकिन जवान भी अलर्ट थे, उन्होंने भी जवाबी कार्रवाई की। अच्छी बात यह है की इस गोलीबारी में कोई जवान घायल नहीं हुआ।

मणिपुर में हर रोज गोलीबारी हो रही है, इस पर रोक नहीं लग पा रहा है। बीती शाम भी इंफाल पूर्वी जिले में उरंगपत के पास ऑटोमेटिक हथियारों से फायरिंग की आवाज सुनी गई थी। उसके बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा हरोथेल की ओर भी फायरिंग की भी खबरें आईं। इसके बाद शांति व्यवस्था कायम करने के लिए तैनात असम राइफल्स के जवानों ने मोर्चा संभाला और शाम करीब साढ़े सात बजे स्थिति पर काबू पा लिया।

राज्य में जारी जातीय हिंसा पर विपक्ष बार-बार यह सवाल उठा रहा था की सरकार स्थिति को सुधारने के लिए सर्वदलीय बैठक क्यों नहीं बुला रही है, यह सरकार के अहंकार को दर्शाता है। लेकिन कल खबर आई की गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर में जारी हिंसा को लेकर नई दिल्ली में 24 जून को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने ट्वीट करके बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नई दिल्ली में 24 जून को दोपहर तीन बजे सत्तारूढ़ और सभी विपक्षी दलों से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक को लेकर देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस का मानना है कि राज्य में शांति का कोई भी प्रयास प्रदेश में ही होना चाहिए और दिल्ली में बैठक करने से गंभीरता का अभाव नजर आएगा। अगर यह बैठक राज्य में होती तो वहां के लोगों को सरकार और प्रशासन पर भरोसा बढ़ता।

पार्टी के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि मणिपुर में मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार का अब तक सत्ता में बने रहना और प्रदेश में राष्ट्रपति शासन का लागू नहीं किया जाना सरासर मजाक है। वेणुगोपाल ने ट्वीट करते हुए कहा की मणिपुर में 50 दिनों की तबाही और मौतों के बहुत देर बाद गृहमंत्री अमित शाह ने सर्वदलीय बैठक बुलाई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *