Breaking
Thu. Jun 11th, 2026

सबसे बड़ा विमेंस टी-20 वर्ल्डकप कल से:पहली बार 12 टीमें और 33 मैच; भारत ग्रुप ऑफ डेथ में, 14 जून को पाकिस्तान से मुकाबला

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : 10वां विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होगा। पहला मुकाबला मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। फाइनल 5 जुलाई को लॉर्ड्स में होगा। इस बार 12 टीमें 24 दिनों में 33 मुकाबले खेलेंगी।

यह अब तक का सबसे बड़ा विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप होगा। टूर्नामेंट की डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड है। टीम ने 2024 में पहली बार खिताब जीता था। ऑस्ट्रेलिया 6 ट्रॉफी के साथ टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है।

भारत कभी ट्रॉफी नहीं जीत पाई है। टीम ने 4 बार सेमीफाइनल और एक बार फाइनल में जगह बनाई है। भारत इस बार ग्रुप ऑफ डेथ में है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया-साउथ अफ्रीका जैसी टीमें हैं। भारत का पहला मैच 14 जून को बर्मिंघम में पाकिस्तान से होगा।

2009 में पहली बार विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड में हुआ था। टूर्नामेंट में 8 टीमें शामिल थीं। मेजबान इंग्लैंड ही पहली चैंपियन बनी थी। शुरुआती 3 वर्ल्ड कप तक 8 टीमें खेलती थीं। 2014 से टीमों की संख्या बढ़कर 10 हुई। 2026 में पहली बार 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इंग्लैंड 17 साल बाद वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है।

टूर्नामेंट किस फॉर्मेट में खेला जाएगा ?

12 टीमों को 6-6 के दो ग्रुप A और B में बांटा गया है। ग्रुप स्टेज में सभी टीमें एक-दूसरे से खेलेंगी। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल जीतने वाली टीम फाइनल खेलेगी।

भारत का अभियान कब शुरू होगा?

भारतीय टीम 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। टीम का सबसे बड़ा मुकाबला 28 जून को ऑस्ट्रेलिया से होगा। 21 जून को भारत और साउथ अफ्रीका आमने-सामने होंगे। ग्रुप-A को इस बार ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ कहा जा रहा है। इसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका जैसी मजबूत टीमें हैं।

भारतीय टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर करेंगी। स्क्वॉड में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह और श्रेयांका पाटिल जैसे खिलाड़ी हैं।

पहली बार क्या हो रहा है?

  • पहली बार 12 टीमें: यह विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप का पहला एडीशन होगा। जिसमें 12 टीमें हिस्सा लेंगी। इससे पहले 10 टीमें खेली थीं।
  • नीदरलैंड्स का डेब्यू: नीदरलैंड्स पहली बार विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप खेलेगा। टीम ने ग्लोबल क्वालिफायर में चौथा स्थान हासिल कर टूर्नामेंट में जगह बनाई।

भारत का प्रदर्शन कैसा रहा है?

भारत ने अब तक सभी 9 वर्ल्डकप खेले हैं। टीम 2020 में पहली और इकलौती बार फाइनल में पहुंची थी। उसे ऑस्ट्रेलिया ने हराया था। भारत 4 बार सेमीफाइनल तक भी पहुंचा है। भारत ने टूर्नामेंट में 40 मैच खेले हैं। इसमें 22 जीते और 18 हारे हैं। उसका जीत प्रतिशत 55% रहा है।

मैच कितने बजे शुरू होंगे?

टी-20 वर्ल्ड कप के सभी मुकाबले भारतीय समय के हिसाब से दोपहर 3 बजे, शाम 7 बजे और रात 11 बजे खेले जाएंगे। भारत के सभी मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे।

खिताब का सबसे बड़ा दावेदार कौन?

6 बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया मजबूत दावेदार मानी जा रही है। भारत, साउथ अफ्रीका और मेजबान इंग्लैंड भी खिताब की दौड़ में हैं। भारत ने पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप जीता है। टीम पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनी है। वहीं, साउथ अफ्रीका पिछले तीन ICC व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट के फाइनल खेल चुकी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *