Breaking
Thu. Jun 4th, 2026

दैनिक उजाला असरः चीफ इंजीनियर के निर्देश पर हरकत में आये अधिकारी, चार दिन बाद हाथरस-मुरसान के गांव में लौटी रोशनी

  • एक्शियन और एसडीओ ने रात में मौके पर पहुंचकर कराई आपूर्ति बहाल

दैनिक उजाला, हाथरस/मुरसान : दैनिक उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला। मुरसान क्षेत्र के बामोली विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांव नगला सोरों समेत कई गांवों में पिछले चार दिनों से ठप पड़ी विद्युत व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों की परेशानी उजागर होने के बाद विभाग हरकत में आ गया। बुधवार देर रात चीफ इंजीनियर के निर्देश पर मुरसान द्वितीय के अधिशासी अभियंता और बामोली विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ मौके पर पहुंचे तथा युद्धस्तर पर कार्य कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराई।

जानकारी के अनुसार हाल ही में आई तेज आंधी के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर विद्युत खंभे और लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। इसके चलते नगला सोरों सहित आसपास के गांवों में पिछले चार दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित थी। भीषण गर्मी और उमस के बीच ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीणों की शिकायतों और समाचार प्रकाशित होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। बुधवार देर रात तक चले मरम्मत कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त खंभों को बदलवाया गया तथा लाइन दुरुस्त कर आपूर्ति सुचारू की गई। बिजली आने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

चीफ इंजीनियर संदीप पांडेय ने कहा कि “उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आंधी के कारण हुए नुकसान को शीघ्र ठीक करने के निर्देश दिए गए थे। भविष्य में भी किसी क्षेत्र में आपूर्ति बाधित होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

मुरसान द्वितीय के एक्शियन लाल बहादुर ने बताया कि “आंधी के कारण कई स्थानों पर विद्युत ढांचा प्रभावित हुआ था। विभागीय टीम लगातार कार्य में जुटी रही। बुधवार देर रात अधिकारियों की मौजूदगी में क्षतिग्रस्त खंभों और लाइनों की मरम्मत कर नगला सोरों क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। शेष स्थानों पर भी निगरानी रखी जा रही है ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।”

ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बहाल होने पर राहत जताते हुए उम्मीद व्यक्त की है कि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर विभाग और अधिक तत्परता से कार्य करेगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *