Breaking
Mon. Apr 27th, 2026

हीटवेव का कहर! दिल्ली, यूपी और बिहार समेत कई राज्यों में स्कूलों की छुट्टियां घोषित

  • बढ़ती गर्मी और लू के चलते ओडिशा और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में समय से पहले ही छुट्टियों का ऐलान वहीं कई राज्यों में बदला स्कूलों का समय

नई दिल्ली : देशभर में तेज गर्मी और लू (हीटवेव) का सितम जारी है। बढ़ते तापमान और बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए कई राज्य सरकारों और जिला प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टियों और समय में बड़े बदलाव किए हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड जैसे राज्यों में स्कूलों को लेकर नई गाइडलाइंस जारी की गई हैं।

कई जगहों पर समय को सुबह जल्दी कर दिया गया है, तो कहीं पूरी तरह से स्कूल बंद करने के आदेश दिए गए हैं। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाए हैं ताकि बच्चों को लू की चपेट में आने से बचाया जा सके।

उत्तर प्रदेश

यूपी के कई जिलों में पारा 42 डिग्री के पार जा चुका है। राजधानी लखनऊ सहित प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों में स्कूलों के समय में कटौती की गई है। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल दोपहर 12 बजे तक बंद कर दिए जाएं। कुछ जिलों में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों के लिए समय सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक तय किया गया है।

बिहार

बिहार की राजधानी पटना में गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए जिलाधिकारी ने तेज गर्मी को देखते हुए निर्देश जारी किए हैं। पटना में कक्षा 10 तक के सभी स्कूलों में दोपहर 11:30 बजे के बाद पढ़ाई पर रोक लगा दी गई है। यह आदेश सरकारी और प्राइवेट दोनों तरह के स्कूलों पर लागू होगा।

मध्य प्रदेश

एमपी में बढ़ते तापमान को देखते हुए भोपाल जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के बच्चों के लिए 27 से 30 अप्रैल, 2026 तक छुट्टियों का घोषणा कर दी है। हालांकि, आदेश में साफ कहा गया है कि इस दौरान टीचर्स को रोजाना की तरह तय समय पर स्कूल आना होगा।

छत्तीसगढ़

प्रदेश सरकार ने सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में 20 अप्रैल से ही स्कूलों को बंद करने का आदेश दे दिया था। राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए 20 अप्रैल से 15 जून, 2026 तक सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है।

ओडिशा

मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने राज्य के सभी स्कूलों में 27 अप्रैल, 2026 से ही गर्मी की छुट्टियां घोषित कर दी हैं। राज्य के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया है, जिसे देखते हुए यह फैसला लिया गया। आमतौर पर यहां 6 मई से छुट्टियां शुरू होती थीं।

दिल्ली और उत्तराखंड

दिल्ली सरकार ने भी स्कूलों को एडवाइजरी जारी कर दोपहर के समय खुले मैदान में होने वाली एक्टिविटी और मॉर्निंग असेंबली पर रोक लगा दी है। वहीं उत्तराखंड के देहरादून में भी गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय को सुबह की शिफ्ट में करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो गर्मी की छुट्टियां समय से पहले भी घोषित की जा सकती हैं।

इन राज्यों में बदला स्कूलों का टाइम टेबल

  • राजस्थान: स्कूलों का समय बदलकर सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक कर दिया गया है। प्रदेश के स्कूलों में 17 मई से 20 जून तक गर्मी की छुट्टियां रहेंगी।
  • उत्तर प्रदेश: प्रयागराज सहित कई जिलों में स्कूल अब सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक ही खुलेंगे। यहां 20 मई से 15 जून 2026 तक समर वेकेशन रहने की उम्मीद है।
  • बिहार और झारखंड: पटना और रांची जैसे शहरों में स्कूल की टाइमिंग सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक कर दी गई है।
  • महाराष्ट्र: यहां भी बच्चों को राहत देते हुए स्कूल सुबह 7 बजे से 11:15 बजे तक कर दिए गये हैं।
  • मध्य प्रदेश: भीषण गर्मी के कारण कक्षा 8 तक के स्कूल 27 से 30 अप्रैल, 2026 तक बंद रहेंगे, जबकि नौवीं से बारहवीं तक की कक्षाएं सुबह की शिफ्ट में चलेंगी।

पेरेंट्स और बच्चों के लिए जरूरी निर्देश

प्रशासन ने स्कूलों को यह सुनिश्चित करने को कहा है कि क्लास में बच्चों के लिए पीने के पानी और ओआरएस की व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही बच्चों को सलाह दी गई है कि वे पूरी आस्तीन के सूती कपड़े पहनें और स्कूल से घर जाते समय सिर को ढक कर रखें। हालांकि, दी गई सूचना सिर्फ जानकारी के लिए है। छुट्टी के बारे में आधिकारिक जानकारी अपने विभाग से लें।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *