- श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए कई नई सेवाएं शुरू कर रहा है
- विभिन्न भवनों में विशेष प्रतीक्षा हॉल बनाए गए हैं
- दिव्यांगों हेतु मुफ्त घोड़ा-खच्चर, बैटरी कार व विशेष दर्शन
- त्रिकुटा पर्वत परिक्रमा पथ और भवन में लिफ्ट सुविधा
उधमपुर : नवरात्र पर यदि आपका भी वैष्णो देवी धाम जाने का प्लान है तो यह खबर आप ही के लिए है। श्री माता वैष्णो देवी पर श्राइन बोर्ड कई ऐसी नई शुरुआत करने जा रहा है, जिससे न केवल श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी। बल्कि, उन्हें धाम पर एक अलौकिक और नया अनुभव भी प्राप्त होगा।
धाम पर आ रहे सभी श्रद्धालुओं के लिए ये सेवाएं नवरात्र पर शुरू की जाएंगी। आइए, क्रमानुसार इन सभी सेवाओं को विस्तारपूर्वक जानते हैं।
भवनों पर बनाए गए प्रतीक्षा हॉल
नवरात्र के मौके पर विभिन्न भवनों में स्पेशल प्रतीक्षा हॉल बनाए गए हैं। यहां श्रद्धालु ठहर सकते हैं। खास बात है कि मौसम खराब होने की स्थिति में श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के यहां रुक सकते हैं और आराम कर सकते हैं।
श्राइन बोर्ड की तरफ से दर्शनी ड्योढ़ी, अर्धकुंवारी, हिमकोटी और सांझीछत सहित यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थानों पर प्रतीक्षा हाल की व्यवस्था की गई है।
दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
नवरात्र के मौके पर आ रहे दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए घोड़ा-खच्चर सेवा के साथ बैटरी कार सेवा फ्री उपलब्ध करवाई जाएगी। इनके लिए विशेष दर्शन और भोजन की सुविधा भी है। वहीं, बुजुर्गों और जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा आदि के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
त्रिकुटा पर्वत पर शुरू होगी प्रक्रिमा
धाम पर मथुरा-गोवर्धन की तर्ज पर श्रद्धालु वैष्णो देवी के त्रिकुटा पर्वत की भी परिक्रमा कर सकेंगे। इसे लेकर परिक्रमा पथ तैयार किया जा रहा है।
श्रद्धालु नवरात्र के पूरे नौ दिन परिक्रमा में आने वाले मां भगवती के प्रसिद्ध मंदिरों में ठहरकर आराधना करेंगे। देश-विदेश से प्रति वर्ष माता वैष्णो देवी की यात्रा पर आने वाले करीब एक करोड़ श्रद्धालुओं के लिए त्रिकुटा पर्वत आस्था का विशेष केंद्र है।
भवन पर लिफ्ट की सुविधा
11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र शुरू हैं। ऐसे में भवन परिसर में दो आधुनिक लिफ्ट और स्टील रैंप लगाई गई हैं। नवरात्र में नवरात्र में इसे श्रद्धालुओं को समर्पित कर दिया जाएगा। इससे विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग और बीमार श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।
न्यू वैष्णवी भवन की शुरुआत
भवन पर 21 मई 2026 को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने न्यू वैष्णवी भवन का लोकार्पण किया गया था। नवरात्र पर श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यह बड़ी भूमिका अदा करेगा। यह करीब 45784 वर्ग फीट क्षेत्र में बना है और इसमें 78 आधुनिक कमरे बने हुए हैं। 600 श्रद्धालु यहां रुक सकते हैं।
व्रत का भोजन किया जाएगा वितरित
नवरात्र के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चार बड़े स्थानों पर चौबीसों घंटे लंगर की सेवा उपलब्ध रहेग। श्राइन बोर्ड के भोजनालयों में स्पेशल नवरात्र व्रत का भोजन भी श्रद्धालुओं को आसानी से मिल सकेगा।
ट्रेन की शुरुआत
नवरात्र और त्योहारी सीजन को देखते हुए रेलवे ने वैष्णो देवी तक स्पेशल ट्रेन चलाने का एलान किया है। यह ट्रेन 8 अक्तूबर से 26 अक्तूबर तक चलेगी।
गाड़ी संख्या 04081 नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा फेस्टीवल स्पेशल एक्सप्रेस रात 11.45 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 12 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी।

