बांसवाड़ा : बांसवाड़ा के कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चुड़ादा गांव में रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ग्रामीणों के बीच पहुंचे। सुबह करीब सवा 6 बजे गांव भ्रमण पर निकले मुख्यमंत्री ने चौपाल पर ग्रामीणों के साथ सुबह 8 बजे तक खाट पर बैठकर चाय पी और पानी, बिजली, सड़क व सरकारी योजनाओं को लेकर बातचीत की। इस दौरान ग्रामीणों ने पानी की समस्या रखी तो मुख्यमंत्री ने एनीकट निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करवाने के निर्देश दिए। वहीं एक महिला की शिकायत पर PHED विभाग में कार्यरत उसके पति का ट्रांसफर बांसवाड़ा करवाया गया और चिकित्सा विभाग के एक डॉक्टर को APO कर दिया गया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सुबह करीब सवा 6 बजे चुड़ादा गांव में भ्रमण के लिए निकले और 8 बजे तक ग्रामीणों के साथ खाट पर बैठकर चाय पी।
अलसुबह गांव भ्रमण पर निकले मुख्यमंत्री
कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के चुड़ादा गांव में रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गांव के भ्रमण पर निकले। मुख्यमंत्री सीधे चौपाल पहुंचे और ग्रामीणों के बीच बैठकर बातचीत की। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से पानी, बिजली, सड़क और सरकारी योजनाओं को लेकर जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
खाट पर बैठकर पी चाय, ग्रामीणों से ली जानकारी
मुख्यमंत्री शर्मा गांव की चौपाल पर ग्रामीणों के साथ खाट पर बैठे और चाय पी। इस दौरान उन्होंने गांव की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने पूछा कि गांव में पानी, बिजली और सड़कों की क्या स्थिति है और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं।
ग्रामीणों ने पानी की समस्या को प्रमुख मुद्दा बताया। कई ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र पहाड़ी होने के कारण पानी की परेशानी लगातार बनी रहती है।

गांव में भ्रमण के लिए निकले मुख्यमंत्री व साथ में भाजपा पदाधिकारी।

मुख्यमंत्री खांट पर बैठकर ग्रामीणों से संवाद के दौरान जिला कलेक्टर को निर्देश देते हुए।

गांव के लोगों से समस्याओं को लेकर संवाद करते हुए मुख्यमंत्री।

बच्चों को चॉकलेट बांटते हुए।

मुख्यमंत्री ग्रामीणों के साथ खांट पर बैठकर चाय पीते हुए।
एनीकट बनाने के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश
सरपंच और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से मांग रखी कि गांव में एनीकट बनाया जाए ताकि पानी की समस्या से राहत मिल सके। ग्रामीणों ने बताया कि एनीकट बनने से बारिश का पानी रुकेगा और क्षेत्र में जल संकट कम होगा।
इस पर मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव को गांव में एनीकट निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करवाकर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से पानी, बिजली, सड़क और सरकारी योजनाओं को लेकर बातचीत की और मस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए।
महिला ने बताई परेशानी, PHED कर्मचारी का ट्रांसफर
मॉर्निंग वॉक के दौरान बांसवाड़ा शहर की एक महिला ने मुख्यमंत्री को अपनी परेशानी बताई। महिला ने कहा कि उनके पति हेमेंद्र कलाल PHED विभाग में सहायक अभियंता हैं और डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा क्षेत्र में कार्यरत हैं। पोस्टिंग दूर होने के कारण परिवार को परेशानी हो रही है।
महिला ने बताया कि घर में बूढ़े सास-ससुर हैं, जिन्हें अस्थमा की बीमारी है। वहीं एक बच्चा गंभीर मानसिक बीमारी से पीड़ित है और विकलांग है। ऐसे में परिवार की देखभाल करना मुश्किल हो रहा है। महिला ने पति की पोस्टिंग पास में करवाने की मांग रखी।
विधायक कैलाश मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने महिला की परेशानी सुनते ही तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिए और करीब 12:30 बजे तक PHED कर्मचारी का ट्रांसफर बांसवाड़ा कर दिया गया।

पति के ट्रांसफर की मांग लेकर महिला ने कल भी CM से मुलाकात करने के लिए घंटों इंतजार किया था लेकिन मुलाकात नहीं हो पाई थी, आज सुबह अपनी परेशानी बताई।
डॉक्टर पर शिकायत के बाद APO की कार्रवाई
कुशलगढ़ के सरकारी हॉस्पिटल और चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को शिकायत दी कि पूर्व BCMO डॉ. गिरीश भामोर के खिलाफ पहले भी जांच हो चुकी है और उन पर लगातार गड़बड़ियों के आरोप लगते रहे हैं।
कर्मचारियों ने शिकायत में बताया कि 15 जनवरी 2025 को उनका ट्रांसफर किया गया था। ट्रिब्यूनल ने भी ट्रांसफर को सही माना था, लेकिन बाद में वे हाईकोर्ट से स्टे लेकर फिर उसी जगह पर आ गए।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि डॉ. गिरीश भामोर ने बिना अनुमति फर्जी डाक्यूमेंट्स तैयार कर NPA राशि उठाने और ऑडिट टीम को गुमराह करने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच, कानूनी जांच और कार्रवाई की मांग की।
विधायक कैलाश मीणा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉक्टर को APO करने के निर्देश दिए और इसके बाद डॉक्टर का APO कर दिया गया।
अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री के साथ जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौके पर ही ग्रामीणों की समस्याएं नोट करने और उनका जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान होना चाहिए।
युवाओं से नशा मुक्ति की अपील
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गांव के युवाओं से नशा मुक्ति का संकल्प लेने की अपील भी की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सामाजिक मुद्दों पर भी बातचीत की।
बच्चों को बांटी चॉकलेट और टॉफियां
गांव भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री बच्चों से भी मिले। उन्होंने बच्चों को दुलारा, उनसे बातचीत की और अपने हाथों से चॉकलेट व टॉफियां बांटी। मुख्यमंत्री के हाथों से चॉकलेट मिलने पर बच्चों में उत्साह दिखाई दिया।

