अयोध्या : विराट कोहली और अनुष्का शर्मा रविवार सुबह अयोध्या पहुंचे। दोनों ने सुबह 7 बजे रामलला के दर्शन किए। दोनों गर्भगृह में करीब 10 मिनट रहे। हालांकि राम मंदिर में विराट-अनुष्का की तस्वीरें सामने नहीं आई हैं।
मंदिर के सीओ आशुतोष तिवारी ने बताया- विराट और अनुष्का को प्रोटोकॉल के तहत अंदर ले जाया गया। वरिष्ठ पुजारी संतोष तिवारी ने रामनामी पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
रामलला के दर्शन करके दोनों करीब 8 बजे हनुमानगढ़ी पहुंचे। विराट ने सवा किलो लड्डू और फूलों की माला चढ़ाई। पुजारी ने उन्हें सफेद और लाल रंग के फूलों की दो मालाएं पहनाईं। सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया।
अनुष्का को भी पुजारी ने पीले रंग की दो मालाएं पहनाकर आशीर्वाद दिया। इसके बाद महंत ने दोनों को शॉल ओढ़ाई। विराट ने अनुष्का का हाथ पकड़कर मंदिर की परिक्रमा भी की। दोनों वहां करीब 20 मिनट रुके।
विराट-अनुष्का की हनुमानगढ़ी में तस्वीरें…

विराट कोहली हनुमान जी के सामने हाथ जोड़कर खड़े रहे। पुजारी ने उन्हें आशीर्वाद दिया।

हनुमानगढ़ी में पुजारी ने अनुष्का को दो मालाएं पहनाईं और आशीर्वाद दिया।

विराट कोहली ने अनुष्का का हाथ पकड़कर हनुमानगढ़ी मंदिर की परिक्रमा की।
विराट-अनुष्का राम मंदिर के प्रथम तल पर गए, निर्माण देखा
विराट-अनुष्का ने राम मंदिर के पुजारी से मंदिर की नक्काशी के बारे में बात की। सूत्रों के मुताबिक दोनों ने मंदिर के प्रथम तल के निर्माण कार्य को भी देखा। अभी तक यहां केवल निर्माण एजेंसियों से जुड़े लोग और पदाधिकारी ही आते-जाते हैं। दोनों करीब आधे घंटे मंदिर परिसर में रहे।
हनुमानगढ़ी में विराट-अनुष्का को प्रतिमा भेंट की गई
महंत ने विराट-अनुष्का को हनुमान जी की प्रतिमा भेंट की। हनुमानगढ़ी के महंत संजय दास ने कहा-
विराट और अनुष्का शर्मा का आध्यात्म, संस्कृति और सनातन धर्म के प्रति लगाव है। उन्होंने रामलला के दर्शन किए और फिर हनुमानगढ़ी पहुंचे। भगवान हनुमान जी का आशीर्वाद लिया। आध्यात्म और पौराणिक चीजों के बारे में चर्चा हुई।

विराट-अनुष्का ने हनुमानगढ़ी के महंत ज्ञान दास के उत्तराधिकारी संजय दास से मुलाकात की। महंत ने दोनों को हनुमान जी की मूर्ति भेंट की।