फिरोजाबाद : फिरोजाबाद में टूंडला की तहसीलदार राखी शर्मा ने DM रमेश रंजन पर आरोप लगाए हैं। उन्होंने शुक्रवार को तहसील परिसर में अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान DM पर 1.75 लाख का आईफोन और आईवॉच लेने और शोषण करने की बात कही।

इंस्पेक्टर से फोन पर बात करते हुए तहसीलदार राखी शर्मा रोने लगीं।
मूलरूप से आगरा की रहने वाली राखी शर्मा 4 सितंबर, 2024 से टूंडला तहसील में कार्यरत हैं। वह सरकारी गेस्ट हाउस में अकेली रहती हैं। महिला अफसर ने सीएम योगी के नाम एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने DM रमेश रंजन पर खुद के शोषण किए जाने की बात कही। साथ ही ओएसडी के माध्यम से डीएम पर आईफोन लेने का आरोप भी लगाया था।
महिला अफसर का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में साथ न देने पर मेरे खिलाफ झूठी जांच चलाई जा रही हैं। जांच बंद करने के नाम पर तरह-तरह की डिमांड की जाती हैं। मेरी 8 महीने की सैलरी रोकी गई, जो कोर्ट जाने के बाद रिलीज की गई। सीएम से मदद मांगने के बाद मुझे लगातार कार्रवाई की धमकी मिल रही है।
अब महिला अफसर के फिरोजाबाद डीएम पर लगाए आरोप पढ़िए
इंस्पेक्टर से रोते हुए बोलीं- मैं भीख मांगते फिर रही
महिला अफसर राखी शर्मा इंस्पेक्टर से बात करते हुए रोने लगीं। उन्होंने कहा कि आप लोग चैन से रहिए, हम दुनिया में नहीं रहेंगे। इंस्पेक्टर साहब आप लोगों ने मिलकर सब कुछ खत्म कर दिया। इसके जिम्मेदार सिर्फ डीएम साहब हैं। एक मजिस्ट्रेट को प्रेस कांफ्रेंस करनी पड़ रही है।
मैं भीख मांगती फिर रही हूं, कि सर ये लोग मुझे परेशान कर रहे हैं, मेरी तहरीर ले लो। एक पत्रकार मुझे धमकी दे रहा है कि 24 घंटे तब होंगे जब तुम्हारा ट्रांसफर करा दूंगा और वो करा भी दे रहा है। नीच होने की भी एक सीमा होती है।

डीएम पर महिला अधिकारी ने शोषण के आरोप लगाए हैं।
मेंटली हैरेस किया जा रहा, फैमिली परेशान
मुझे फंसाने के लिए जगह-जगह टीम लगा दी गई हैं। अब मेंटली हैरेस किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी इनके लोग मुझे बदनाम करने की कोशिश में लगे हैं। तरह-तरह की पोस्ट और कमेंट आ रहे हैं, जिससे मेरे साथ मेरी फैमिली भी ट्रबल कर रही।
ये सारे वीडियो मेरे फैमिली वाले देख रहे हैं और परेशान हो रहे हैं। मेरे पिता जी टेंशन की वजह से मेरे पास आ गए हैं। यहां आकर उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें हॉस्पिटलाइज कराने की नौबत आ गई है। उनकी देखभाल के लिए मुझे 4 दिन की छुट्टी लेनी पड़ी।
PCS बनकर भी सेफ नहीं, आम आदमी का क्या होगा
राखी शर्मा ने बताया कि ये मेरा ड्रीम जॉब था, जिसके लिए सालों मेहनत की थी। बाहर से सबको इसकी चाह होती है, लेकिन अब लग रहा है जैसे चमकदार हवेली के अंदर किसी अंधेरे कमरे में धकेल दिया गया है।
हर किसी के लिए खासकर लड़कियों के लिए इंस्पिरेशन होती है, जब कोई अधिकारी गाड़ी लेकर निकलता है तो वह उनके जैसा बनने का सपना देखती हैं, लेकिन PCS क्वालीफाई करके और अफसर बनकर भी हम सेफ नहीं हैं।
पहली पोस्टिंग मथुरा, वहां भी टीमें एक्टिव
इतनी जांच और इतना ट्रबल करने के बाद भी इन लोगों का मन नहीं भरा तो अब मेरे चरित्र पर सवाल खड़े करने पर उतर आए हैं। मेरी पहली पोस्टिंग मथुरा में थी। वहां मैं 2019 से 2023 तक रही। अब पता चला है कि वहां भी इन्होंने टीम एक्टिव कर दी है, जिससे मेरा चरित्र हनन किया जा सके।
किसी महिला को परेशान करने का ये सबसे आसान तरीका होता है कि उसके कैरेक्टर पर सवाल उठा दो। डरकर महिला पीछे हट जाएगी, लेकिन मैं बताना चाहती हूं कि मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है, इसलिए मैं पीछे नहीं हटने वाली हूं। मैंने जो भी आरोप लगाए हैं उन पर आज भी कायम हूं।
DM जिले की सुप्रीम पावर, उनके खिलाफ कौन बोलेगा
महिला अधिकारी का कहना है कि मुझे रास्ते चलते डर लग रहा है। ऐसा लगता है जैसे हर जगह इन्होंने अपने लोग लगा रखे हैं। मैं सीएम से अपील करना चाहती हूं कि इस मामले का आप संज्ञान लीजिए और मुझे न्याय दिलाइए। डीएम जिले की सुप्रीम पावर होती है। कोई भी उनके खिलाफ बोलने को तैयार नहीं होगा।
ये करोड़ों के घोटाले करने वालों की साजिश है
जिले में करोड़ों के जमीन घोटाले करने वाले बाबू मेरे खिलाफ कैंपेन चला रहे हैं। जिन लोगों पर आरोप लगे है, उनकी जांच होनी चाहिए। लेकिन ऐसे लोगों को संरक्षण मिल रहा। वो मेरे खिलाफ यूनियनबाजी कर रहे हैं। डीएम को अपने बचाव के लिए लेखपालों का सहारा लेना पड़ा, उनसे मेरे खिलाफ लेटरपैड पर लिखवाना पड़ रहा है।

सोशल मीडिया पर कुछ लोग महिला अधिकारी के सपोर्ट में भी उतर आए हैं।
DM ने मामले में चुप्पी साधी
वहीं, डीएम रमेश रंजन ने पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी है, अभी तक उनकी तरफ से कोई बयान जारी नहीं किया गया है। उनका पक्ष जानने के लिए उनसे बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। वहीं सोशल मीडिया पर कुछ लोग महिला अधिकारी के सपोर्ट में भी उतर आए हैं।
अब पढ़िए, महिला अफसर ने वीडियो में क्या कहा था…
राखी शर्मा ने DM रमेश रंजन पर आरोप लगाए थे। उन्होंने शुक्रवार को तहसील परिसर में अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान DM पर 1.75 लाख का आईफोन और आईवॉच लेने और शोषण करने की बात कही। राखी शर्मा गुरुवार देर शाम एक वीडियो जारी किया। इसमें CM से न्याय की गुहार लगाई थी।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी महोदय रमेश रंजन सर और उनके कुछ बाबू अपने भ्रष्टाचार के लिए मुझे 9 महीने से परेशान कर रहे। एक ओएसडी शैलेंद्र शर्मा हैं, एक पेशकार हैं और एक सीआरए हैं। इन लोगों का एक ग्रुप है। 8 महीने तक मेरी सैलरी रोकी गई।

