Breaking
Tue. Jun 30th, 2026

‘राम मंदिर जांच में सबसे बड़ा सवाल- पैसा गया कहां?’:यूपी के पूर्व डीजीपी ओपी सिंह बोले- इसे सिर्फ चोरी मानना गंभीर भूल होगी, ये आर्थिक अपराध

उत्तर प्रदेश : यूपी के पूर्व डीजीपी ओपी सिंह ने कहा- अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं है; यह करोड़ों भारतीयों की आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। ऐसे पवित्र स्थल पर श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान में कथित अनियमितताओं और चोरी के आरोप केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि जनविश्वास की परीक्षा भी हैं। अब जबकि प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है, प्रश्न केवल यह नहीं है कि चोरी किसने की, बल्कि यह है कि जांच किस प्रकार की जाए जिससे सत्य सामने आए, दोषियों को दंड मिले और करोड़ों श्रद्धालुओं का विश्वास पुनः स्थापित हो।

जनवरी 2024 में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद से अयोध्या में श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ा है। प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन करने की खबरें लगातार आती रही हैं। विभिन्न सार्वजनिक अनुमानों के अनुसार, उद्घाटन के बाद से मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या करोड़ों में पहुंच चुकी है। वर्ष 2025 के महाकुंभ के दौरान आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार लगभग 65 करोड़ श्रद्धालुओं ने प्रयागराज में स्नान किया। यह मानना असंगत नहीं होगा कि उनमें से बड़ी संख्या अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन भी करने पहुंची होगी। यदि प्रत्येक श्रद्धालु औसतन छोटी-सी राशि भी दान करता हो, तो कुल दानराशि हजारों करोड़ रुपये के स्तर तक पहुंच सकती है। यह केवल एक संभावित अनुमान है; वास्तविक आंकड़े अधिकृत अभिलेखों से ही स्पष्ट होंगे। किंतु इतना निर्विवाद है कि इतनी विशाल धनराशि का प्रबंधन किसी सामान्य व्यवस्था के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता।

यही कारण है कि इस प्रकरण को साधारण चोरी का मामला मानना गंभीर भूल होगी। यह मूलतः एक आर्थिक अपराध है। आर्थिक अपराधों की विशेषता यह होती है कि चोरी की गई राशि तत्काल खर्च नहीं होती; उसे विभिन्न खातों, निवेशों, बेनामी संपत्तियों अथवा अन्य वित्तीय माध्यमों से छिपाने और वैध रूप देने का प्रयास किया जाता है। इसलिए जांच का सबसे महत्वपूर्ण सिद्धांत होना चाहिए—“धन का पीछा करो” (Follow the Money)। प्रत्येक रुपये का स्रोत, उसका संग्रह, उसकी गिनती, बैंक में जमा होने की प्रक्रिया, लेखांकन और अंतिम उपयोग का वैज्ञानिक परीक्षण किया जाना चाहिए। जहां धन गायब हुआ है, वहां उसका कोई न कोई वित्तीय, दस्तावेजी अथवा डिजिटल निशान अवश्य होगा।

इतनी विशाल दानराशि के प्रबंधन को देखते हुए यह प्रश्न भी स्वाभाविक है कि क्या कोई मानक संचालन प्रक्रिया (Standard Operating Procedure) प्रभावी रूप से लागू थी? आज विश्व के अनेक बड़े धार्मिक संस्थान नकदी प्रबंधन, डिजिटल लेखांकन, उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित निगरानी, इलेक्ट्रॉनिक एक्सेस कंट्रोल, स्वचालित मुद्रा गणना मशीनें तथा रियल-टाइम ऑडिट प्रणाली का उपयोग करते हैं। यदि प्रतिदिन करोड़ों रुपये का दान प्राप्त हो रहा हो, तो ऐसी तकनीकों पर कुछ करोड़ रुपये का निवेश व्यय नहीं, बल्कि आस्था, पारदर्शिता और सुरक्षा की अनिवार्य कीमत है। यदि ऐसी आधुनिक व्यवस्था पर्याप्त रूप से विकसित नहीं थी, तो इसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए कि संस्थागत कमियां कहां थीं और वे इतनी लंबी अवधि तक क्यों बनी रहीं।

ऐसे मामले की जांच किसी सामान्य थाने की नियमित विवेचना तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए एक विशेषज्ञ जांच दल (Expert Investigating Team) गठित किया जाना चाहिए, जिसका नेतृत्व आर्थिक अपराधों की जांच का अनुभव रखने वाला एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करे। इस टीम में आर्थिक अपराध शाखा के विशेषज्ञ, चार्टर्ड अकाउंटेंट, फॉरेंसिक ऑडिटर, साइबर विशेषज्ञ, बैंकिंग विशेषज्ञ तथा डिजिटल फॉरेंसिक विशेषज्ञ शामिल हों। आवश्यकता पड़ने पर आयकर विभाग तथा अन्य वित्तीय एजेंसियों के साथ भी समन्वय स्थापित किया जा सकता है। इस प्रकार का बहु-विषयक दृष्टिकोण ही धन के पूरे प्रवाह का वैज्ञानिक विश्लेषण कर सकता है।

जांच केवल अभियुक्तों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सीसीटीवी फुटेज, बैंकिंग रिकॉर्ड, डिजिटल डेटा, कंप्यूटर, मोबाइल फोन, लेखा अभिलेख और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का समयबद्ध संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। आर्थिक अपराधों में प्रारंभिक दिनों की तत्परता ही आगे की जांच की दिशा और सफलता निर्धारित करती है।

इतने बड़े आर्थिक अपराध में यह मान लेना भी उचित नहीं होगा कि यदि अनियमितताएं हुई हैं तो वे केवल निचले स्तर तक सीमित रही होंगी। दूसरी ओर, बिना साक्ष्य किसी वरिष्ठ व्यक्ति की संलिप्तता मान लेना भी न्यायसंगत नहीं होगा। इसलिए जांच को न तो किसी पूर्वाग्रह से संचालित होना चाहिए और न ही किसी पूर्वनिर्धारित निष्कर्ष से। दस्तावेज, बैंकिंग लेन-देन, डिजिटल रिकॉर्ड और परिस्थितिजन्य साक्ष्य—इन सभी कड़ियों को जोड़ते हुए ही यह स्पष्ट होगा कि किसकी क्या भूमिका थी। बड़े आर्थिक अपराधों में दोषी व्यक्ति नहीं, बल्कि साक्ष्य बोलते हैं।

सबसे महत्वपूर्ण पक्ष है- जनविश्वास। करोड़ों लोगों ने यह दान किसी संस्था को नहीं, बल्कि अपनी आस्था के प्रतीक भगवान श्रीराम के चरणों में अर्पित किया है। यदि जांच सतही, कमजोर या औपचारिक दिखाई देती है, तो इससे केवल अपराधियों को ही लाभ नहीं होगा, बल्कि जनता का विश्वास भी आहत होगा। इसके विपरीत यदि जांच वैज्ञानिक, निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से होती है, प्रत्येक दस्तावेज, प्रत्येक डिजिटल साक्ष्य और प्रत्येक वित्तीय कड़ी को जोड़ते हुए सत्य तक पहुंचती है, तो परिणाम चाहे जो हो, जनता का विश्वास अवश्य सुदृढ़ होगा।

यह जांच केवल दोषियों की पहचान करने का अवसर नहीं है; यह भारत की आपराधिक न्याय प्रणाली की पेशेवर क्षमता की भी परीक्षा है। सफलता गिरफ्तारियों की संख्या से नहीं मापी जाएगी, बल्कि इस बात से मापी जाएगी कि क्या दान का प्रत्येक रुपया खोजा गया, क्या धन के पूरे प्रवाह का वैज्ञानिक विश्लेषण किया गया, क्या वास्तविक लाभार्थियों तक जांच पहुंची, और क्या भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मजबूत संस्थागत सुधार लागू किए गए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *