लखनऊ/वाराणसी/प्रयागराज/कानपुर : यूपी में मानसूनी बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। बुधवार सुबह से प्रयागराज, बरेली, मुरादाबाद, ललितपुर समेत 25 शहरों में बारिश हो रही है। कानपुर, आगरा, मथुरा समेत ज्यादातर शहरों में बादल छाए हैं। हल्की ठंडी हवाओं की वजह से गर्मी से राहत है। कहीं-कहीं हल्की धूप निकली है।
बिजनौर में सुबह इतनी बारिश हुई कि सड़कों पर 3 फीट तक पानी भर गया। लोग घुटनों तक पानी में उतरकर जाते नजर आए। ललितपुर में भारी बारिश की वजह से रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में बारिश का पानी घुस गया। फतेहपुर में आंधी में ई-रिक्शा पलट गया। बदायूं में बारिश से खेत डूब गए।
आज पूरे प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट है। 55 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इससे पहले, मंगलवार (30 जून) को मानसून ने सोनभद्र और महराजगंज के रास्ते यूपी में एंट्री की। इसके असर से पूर्वी यूपी के 20 से ज्यादा जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई।
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून ने करीब 19 दिनों तक यूपी-बिहार बॉर्डर पर अटके रहने के बाद यूपी में एंट्री की। अगले 24 घंटे में इसका असर और बढ़ेगा। पूरे प्रदेश में तेज बारिश होगी। आमतौर पर मानसून 20 जून तक यूपी पहुंच जाता है, लेकिन इस बार करीब 10 दिन की देरी से आगे बढ़ रहा है।

ललितपुर में भारी बारिश की वजह से जीआरपी थाने के बाहर पानी भर गया। पानी थाने के अंदर भी घुस गया।

बदायूं में भारी बारिश की वजह से मौसम बदल गया। ठंडी हवाओं ने गर्मी से राहत दिलाई।
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया-

दक्षिण-पश्चिम मानसून यूपी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। आजमगढ़, अयोध्या और बरेली से होकर गुजर रहा है। अगले 2-3 दिनों में मानसून के यूपी में और आगे बढ़ने के लिए हालात अनुकूल हैं। अब पूर्वी और पश्चिमी यूपी में झमाझम बारिश का दौर देखने को मिलेगा। तापमान में 10 डिग्री तक की गिरावट आएगी।
मुरादाबाद में आकाशीय बिजली गिरी, पेड़ के नीचे खड़े दो मजदूरों की मौत

मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह 11 बजे धान की रोपाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा गांव गागन वाली मैनाठेर के वार्ड नंबर-11 में गौशाला के पास स्थित खेत में हुआ। घायल बच्चों को आसपास के लोगों ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, खेत में पुरुष, महिलाएं और बच्चे मजदूरी कर धान की रोपाई कर रहे थे। सुबह करीब 11 बजे अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। इससे बचने के लिए सभी मजदूर पास खड़े एक पेड़ के नीचे पहुंच गए। इसी दौरान आकाशीय बिजली पेड़ के नीचे खड़े लोगों पर गिर गई। हादसे में संतराम सैनी और विनीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन बच्चे बुरी तरह झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
आगरा में बूंदबांदी के बाद मौसम बदला; ठंडी हवाएं चल रहीं
आगरा में सुबह से घने बादल छाए हैं। सुबह लगभग 10 बजे कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इस बीच चल रहीं ठंडी हवाओं से मौसम सुहाना हो गया।
प्रतापगढ़ में झमाझम बारिश, तापमान में गिरावट दर्ज की गई
प्रतापगढ़ में झमाझम बारिश के साथ मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने राहत की सांस ली।
उन्नाव में मौसम ने करवट ली, तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू
उन्नाव में बुधवार सुबह 10 बजे मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। उन्नाव शहर, शुक्लागंज और आसपास के इलाकों में हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
अमेठी में सुबह 10 बजे बदला मौसम, मूसलाधार बारिश शुरू
अमेठी के भादर ब्लॉक के रामगंज बाजार में बुधवार सुबह 10 बजे तेज बारिश हुई। लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।
एटा में भारी बारिश, घर-दुकानों में घुसा पानी
काशी में हल्की बूंदाबांदी के बाद बादल छाए
यूपी में मानसून की एंट्री का असर वाराणसी में देखने को मिल रहा है। सुबह बूंदाबांदी हुई। इसके बाद आसमान में बादल छाए हैं। शहर का तापमान 34 डिग्री सेल्सियस चला गया है। वहीं, हवा की रफ्तार 3 किलोमीटर प्रति घंटे है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी तीन से चार दिनों तक हल्की बारिश भी होगी।
सहारनपुर में सुबह से बूंदाबांदी हो रही, तापमान 10 डिग्री तक लुढ़का
सहारनपुर में कई दिनों से भीषण गर्मी के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बुधवार सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। बूंदाबांदी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया था। लेकिन, दो दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव के बाद बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचाने की संभावना जताई जा रही है।

