Breaking
Sun. Apr 26th, 2026

यूपी होमगार्ड परीक्षा का दूसरा दिन:कानपुर में केमिस्ट्री लेक्चरर सहित 3 अरेस्ट, AI से नकल कराने का आरोप; लखनऊ में अभ्यर्थी की मौत

प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ : यूपी में 42 हजार होमगार्ड पदों पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा का आज रविवार को दूसरा दिन है। दूसरे दिन भी परीक्षा केंद्रों पर सख्ती देखने को मिली। अभ्यर्थियों की रेटिना स्कैनिंग और बायोमेट्रिक के बाद ही एंट्री दी गई। वहीं, लखनऊ में परीक्षा केंद्र जा रहे एक अभ्यर्थी की सड़क हादसे में मौत हो गई।

पहले दिन 25% अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। भर्ती बोर्ड के अनुसार दोनों पालियों की लिखित परीक्षा में कुल 8,44,066 अभ्यर्थियों के स्थान पर 6,35,856 (75.33%) अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 74 जिलों में 1053 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। श्रावस्ती में कोई केंद्र नहीं बनाया गया है।

पुलिस ने पहले दिन परीक्षा में एआई से नकल कराने के आरोप में केमिस्ट्री के लेक्चरर सहित 3 लोगों को अरेस्ट किया है। पुलिस के अनुसार, सभी नकल कराने की तैयारी कर रहे थे। एक बंद क्लासरूम से मोबाइल और प्रिंटर्स जब्त किए गए हैं। तीनों आरोपियों को को जेल भेज दिया गया है।

शनिवार से शुरू हुई परीक्षा 27 अप्रैल तक चलेगी। 25 लाख अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी है। परीक्षा को देखते हुए पूरे प्रदेश में पुलिस अलर्ट मोड पर है। 2 घंटे की परीक्षा में 100 अंकों के बहुविकल्पीय सवाल पूछे जा रहे हैं।

कानपुर के जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज में होमगार्ड परीक्षा के लिए रोल नंबर मिलाते अभ्यर्थी।

कानपुर के जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज में होमगार्ड परीक्षा के लिए रोल नंबर मिलाते अभ्यर्थी।

गोरखपुर के तुलसीदास मेमोरियल इंटर कॉलेज में रेटिना स्कैन करने के बाद अभ्यर्थियों को एंट्री दी जा रही है।

गोरखपुर के तुलसीदास मेमोरियल इंटर कॉलेज में रेटिना स्कैन करने के बाद अभ्यर्थियों को एंट्री दी जा रही है।

वाराणसी में सुबह के समय पहली पाली में परीक्षा केंद्र के बाहर लगी अभ्यर्थियों की लाइन।

वाराणसी में सुबह के समय पहली पाली में परीक्षा केंद्र के बाहर लगी अभ्यर्थियों की लाइन।

बोर्ड ने दरोगा भर्ती के दौरान दिए थे धार्मिक प्रतीक चिन्ह न उतरवाने के निर्देश

होमगार्ड परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को एंट्री के पहले कई जगहों पर कलावा कटवाया गया और धार्मिक-सांस्कृतिक चिह्नों को उतरवाया जा रहा। हालांकि, दरोगा भर्ती परीक्षा के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने कहा था- किसी भी अभ्यर्थी के धारण किए गए धार्मिक सांस्कृतिक चिह्नों जैसे कलावा, मंगलसूत्र को न उतारा जाए। अगर ऐसा कोई मामला आता है तो दोषी कर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, होमगार्ड परीक्षा में अलग से ऐसा कोई आदेश नहीं जारी किया गया है।

कानपुर में केमेस्ट्री प्रवक्ता समेत 3 अरेस्ट; AI से पेपर सॉल्व कराने का लिया ठेका

कानपुर में AI से एग्जाम में नकल कराने में पुलिस ने केमेस्टी के लेक्चरर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। बीएनएसडी इंटर कालेज के प्रवक्ता और शिक्षक नेता अखिलेश ने दो ट्यूशन टीचरों को बगैर ड्यूटी कॉलेज में कक्ष निरीक्षक बनाया।

सभी नकल कराने की तैयारी कर रहे थे। पेपर को कॉपी करने के लिए प्रिंटर और AI से सवालों के जवाब के लिए एनसीसी के बंद क्लास में तैयारी की थी। पुलिस ने तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है

लखनऊ में होमगार्ड-भर्ती परीक्षा देने जा रहे युवक की मौत

लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने जा रहे युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आज ही युवक की बहन की विदाई हो रही थी। वह कल बारात के स्वागत के बाद आज पेपर देने जा रहा था।

युवक की पहचान बाराबंकी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र स्थित गौरा करौंदी गांव के अनुभव सिंह के रूप में हुई। वह अपने चचेरे भाई कुलदीप सिंह के साथ बाइक से रायबरेली परीक्षा देने जा रहे थे।

DM, SSP ने परीक्षा केंद्रों को देखा

प्रयागराज पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में बनाए गए कंट्रोल रूम और विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। अधिकारियों ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया और कैमरों के जरिए हो रही निगरानी को देखा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *