रुड़की : उत्तराखंड में बड़ी बेटी के भागकर शादी करने के बाद पिता छोटी बेटी को टॉर्चर करने लगा और उसके चरित्र पर शक करने लगा। सोमवार को जब युवती घर से बाहर जाने लगी, तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। जब बेटी ने इसका विरोध किया, तो उसने उसकी पिटाई कर दी और उसे घर से निकालने लगा।
बेटी ने जब पिता का घर छोड़ने से मना कर दिया, तो इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। इसके बाद आरोपी ने उसका गला घोंटने का प्रयास किया। इस छीना-झपटी में युवती के गले पर गहरी चोट आ गई, जिससे वह घायल हो गई।
शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पहुंचे, तब जाकर युवती की जान बच सकी। इसके बाद युवती वहां से सीधे भागकर कोतवाली पहुंची और पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई। घटना हरिद्वार के रुड़की की है।

पिता बार-बार लड़की को हर बात पर टोकता था।
बड़ी बहन के भागने के बाद से घर में तनाव- शिकायत के अनुसार, गंगनहर कोतवाली क्षेत्र निवासी आरोपी पिता की बड़ी बेटी कुछ समय पहले घर से किसी युवक के साथ चली गई थी और उसने शादी कर ली थी।
इस घटना के बाद से पिता मानसिक तनाव में रहने लगा और उसने घर की छोटी बेटी को बात-बात पर रोकना-टोकना और उस पर बेबुनियाद शक करना शुरू कर दिया।
बाहर जाने पर रोका, घर से निकालने की कोशिश- सोमवार को जब युवती किसी काम से घर से बाहर जाने लगी, तो पिता ने उसे रोक दिया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। जब बेटी ने इसका कड़ा विरोध किया, तो पिता आपा खो बैठा।
उसने युवती की लात-घूंसों से पिटाई कर दी और जबरन धक्का देकर उसे घर से बाहर निकालने लगा।
घर छोड़ने से मना किया तो घोंटा गला- युवती ने जब पिता के डर से घर छोड़ने से इनकार कर दिया, तो मौके पर जमकर हंगामा हुआ। इसी बीच आरोपी पिता ने अपनी ही बेटी का गला घोंटने की कोशिश की। इस दौरान हुई तीखी छीना-झपटी में युवती के गले पर गंभीर चोटें आ गईं और वह लहूलुहान होकर घायल हो गई।
पड़ोसियों ने बचाई जान, भागकर पहुंची थाने- घर के अंदर से आ रही चीख-पुकार और शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों और पड़ोसियों के बीच-बचाव करने पर किसी तरह युवती की जान बच सकी।
इसके बाद घायल अवस्था में युवती वहां से सीधे भागकर गंगनहर कोतवाली पहुंची और पुलिस को आपबीती सुनाकर न्याय की गुहार लगाई।
‘पिता के घर नहीं जाऊंगी, नारी निकेतन भेज दो’- पीड़ित युवती ने पुलिस से अपने पिता के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही उसने डर के मारे पिता के घर वापस जाने से साफ इनकार कर दिया और पुलिस से खुद को नारी निकेतन भेजने की गुहार लगाई।
मामले में जांच अधिकारी गंगनहर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक केके शर्मा ने कहा, ‘पीड़ित युवती की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है। युवती का मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है। आरोपी पिता को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।’

