- विपक्षी सांसदों के प्रोटेस्ट को लेकर दिल्ली में सुरक्षा कड़ी की गई है, संसद से भारतीय चुनाव आयोग की बिल्डिंग तक जाने वाले रास्ते पर कई जगह बैरिकेडिंग भी लगाई गई है
SIR के विरोध और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में आज विपक्षी पार्टियां सड़क उतरीं हैं। INDIA गठबंधन के नेता संसद के मकर द्वार से लेकर चुनाव आयोग की बिल्डिंग तक मार्च निकाल रहे हैं। विपक्ष के इस मार्च में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत समेत कई अन्य प्रमुख नेता शामिल हुए हैं। INDIA ब्लॉक ने आज के इस मार्च को ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ नाम दिया है। प्रोटेस्ट में जिन 19 विपक्षी दलों के सांसद शामिल हुए हैं। इसमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी, NCP (SP), शिवसेना (UBT), RJD, CPM, CPI, NC, PDP, JMM, CPI-ML, IUML, KC (M), MDMK, VCK, RSP, AIFB और KC (J) का नाम हैं।
राहुल और प्रियंका गांधी धरने पर बैठे
संसद के मकर द्वार से शुरू हुए विपक्ष के मार्च को दिल्ली पुलिस ने चुनाव आयोग की बिल्डिंग तक जाने से रोक दिया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए हैं। इस दौरान विपक्षी नेता मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
विपक्षी सांसदों का 3 किलोमीटर लंबा मार्च
आज 19 विपक्षी दलों के सांसद दिल्ली में चुनाव आयोग के मुख्यालय का घेराव कर रहे हैं। विपक्षी पार्टी के सांसद और कार्यकर्ता संसद भवन से EC मुख्यालय तक 3 किमी तक के मार्च की शुरुआत संसद के मकर द्वार की है।
संसद से ECI बिल्डिंग तक मार्च
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, INDIA गठबंधन के अन्य सांसदों के साथ, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए संसद से ECI बिल्डिंग तक मार्च कर रही है। विपक्षी सांसदों के के मार्च को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इतंजाम किए गए हैं।
यह इमरजेंसी नहीं तो क्या- कांग्रेस सांसद इमरान मसूद
INDIA ब्लॉक के विरोध मार्च पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, ‘दिल्ली को चारों तरफ से पूरी तरह सील कर दिया गया है। किसी को भी अंदर नहीं आने दिया जा रहा है। अगर यह इमरजेंसी नहीं है, तो क्या है? जिस संस्था पर देश के लोगों ने 70 साल तक भरोसा किया, उस भरोसे को एक व्यक्ति ने पूरी तरह तोड़ दिया है। सुप्रीम कोर्ट की इतनी सख्त टिप्पणियों के बाद भी, उनमें पद छोड़ने की नैतिकता नहीं है। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा दे देना चाहिए।’
विपक्ष के मार्च को लेकर बढ़ाई गई सुरक्षा, जानिए क्या बोले संजय राउत
INDIA ब्लॉक के सांसदों के चुनाव आयोग तक विरोध मार्च से पहले दिल्ली में सुरक्षा इंतजामों पर शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत का बयान सामने आया है। राउत ने कहा, ‘सुरक्षा बहुत ज्यादा है। इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। उन्होंने बॉर्डर सिक्योरिटी फ़ोर्स को तैनात किया है। हजारों CISF जवानों को बुलाया है। संसद भवन से लेकर चुनाव आयोग के हेडक्वार्टर और सभी मंत्रियों के घरों तक, हर जगह सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मुझे अभी इसके बारे में पता चला। इसकी क्या जरूरत है?’

