लखनऊ : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार शाम 4 बजे उन्नाव में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। साथ में सीएम योगी और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी रहे। अब सभी नेता वाया एक्सप्रेस-वे कार से लखनऊ लौट रहे हैं। उन्नाव हेलिकॉप्टर से पहुंचे थे। लखनऊ के सरोजिनीनगर में भी एक कार्यक्रम है।
इस एक्सप्रेस-वे से लखनऊ-कानपुर का सफर सिर्फ 40 मिनट में पूरा होगा। अभी सफर में ढाई से तीन घंटे लगते हैं। 4700 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार एक्सप्रेस-वे कल यानी मंगलवार सुबह 8 बजे से आम लोगों के लिए खुल जाएगा।
63 किलोमीटर लंबा यह देश का पहला बैरियर-लेस एक्सप्रेस-वे है। इस पर लोगों को करीब तीन गुना ज्यादा टोल चुकाना होगा। कार से लखनऊ से कानपुर जाने पर 275 रुपए टोल देना होगा, जबकि पहले 95 रुपए ही लगते थे।
एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों की एंट्री बैन रहेगी। वाहन अधिकतम 120 kmph की रफ्तार से दौड़ सकेंगे। टोल प्लाजा से 500 मीटर पहले लगे ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे और फास्टैग रीडर बिना गाड़ी रोके अपने आप टोल काट लेंगे। अगर हादसा होता है, तो AI कैमरे NHAI कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजेंगे।
एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास 5 जनवरी 2022 को किया गया था। 13 जुलाई 2026 को उद्घाटन किया गया। इस हिसाब से एक्सप्रेस-वे 1650 दिन में बनकर तैयार हुआ।

कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे 12 लेन का है। इस पर 6 इंटरचेंज बनाए गए हैं।

राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी ने एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और सांसद साक्षी महाराज भी कार्यक्रम में थे।

राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, योगी और ब्रजेश पाठक ने एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया।
राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी ने फीता खोलकर एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया
उन्नाव में हेलिपैड पर अभिवादन स्वीकार करने के बाद राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और सीएम योगी आदित्यनाथ सड़क मार्ग से कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के किलोमीटर 49.3 पर पहुंचे। जहां वे फीता काटकर एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया।
एक हेलिकॉप्टर में बैठकर उन्नाव पहुंचे राजनाथ-गडकरी और सीएम योगी
उन्नाव में सोमवार दोपहर 3:38 बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे परियोजना से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने के लिए झाऊ खेड़ा स्थित रेस्ट एरिया के हेलिपैड पर पहुंचे। तीनों नेता एक ही हेलिकॉप्टर से कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज समेत जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद तीनों नेता सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचे और कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे परियोजना की प्रदर्शनी देखी। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें परियोजना की प्रगति, तकनीकी विशेषताओं और इससे क्षेत्र को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।
डिप्टी सीएम बोले- आज हमको बड़ा तोहफा मिलने वाला है
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर सोमवार दोपहर KGMU के 22वें दीक्षांत समारोह में थे। इसमें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। यहां डिप्टी सीएम ने डॉक्टरों से पूछा- आप लोग कानपुर गै होइयो? कै घंटा लगत है? डेढ़ से दु घंटा। आज एक बड़ा तोहफा मिलने वाला है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी उसका उद्घाटन करेंगे। आपको पता है मैं टेस्ट ड्राइव के लिए गया था। 27 मिनट में कानपुर पहुंच गया। मतलब अब जहाज, हेलिकॉप्टर की जरूरत ही नहीं है।
हमारे गार्जियन राजनाथ सिंह ने लखनऊ को आपने जो दिया है, हम उसका जीवनभर कर्ज नहीं उतार पाएंगे।
सीएम आवास पर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक




5, कालिदास मार्ग सीएम आवास पर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक चल रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और सीएम योगी आदित्यनाथ बैठक को लीड कर रहे हैं।
बैठक में सड़क परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह, पीडब्ल्यूडी विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह, मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी, पीडब्ल्यूडी विभाग के प्रमुख सचिव अजय चौहान, ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव आशीष गोयल, जलशक्ति विभाग के प्रमुख सचिव अनिल गर्ग, नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव गुरु प्रसाद समेत NHAI और पीडब्ल्यूडी के सभी इंजीनियर बैठक में मौजूद हैं।

