Breaking
Sun. Jun 21st, 2026

राममंदिर में रोज का चढ़ावा 1 लाख से कम हुआ:पहले दानपेटियों से ₹12 लाख तक निकलते थे; श्रद्धालु बोले-दान चोरी से दुख, ऑनलाइन करना बेहतर

अयोध्या : राम मंदिर में चढ़ावा चोरी विवाद का श्रद्धालुओं पर गहरा असर पड़ा है। यही वजह है कि पहले दानपेटियों से रोजाना 8 से 12 लाख रुपए तक चढ़ावा निकलता था। वो अब घटकर 1 लाख रुपए के नीचे आ गया है। हालांकि, श्रद्धालुओं की संख्या में कमी नहीं आई है।

श्रद्धालुओं का कहना है- दान चोरी से सभी को दुख हुआ है। अब सोचते हैं कि ऑनलाइन दान किया जाए। वहीं, SIT की जांच के बाद चढ़ावे की गिनती से लेकर बैंक में जमा करने तक की व्यवस्था दुरुस्त की गई है। निगरानी बढ़ा दी गई है।

हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर गड़बड़ी के आरोप लगे हों। इससे पहले 10 गुने महंगे दाम पर जमीन खरीदने और चंदे की रकम के गलत इस्तेमाल के आरोप लग चुके हैं।

शैलेंद्र अवस्थी कहते हैं- राम मंदिर को लेकर आस्था में असर नहीं पड़ेगा। जिनकी भगवान राम में आस्था है, वो दुनिया के किसी भी कोने से यहां दर्शन करने आएंगे। लेकिन, चढ़ावा चोरी से सभी को दुख हुआ है। हम लोग अब सोचते हैं कि ऑनलाइन दान किया जाए।

दिल्ली से परिवार के साथ अयोध्या आए तरुण गुप्ता कहते हैं- जो कुछ हुआ, उससे गलत संदेश गया। अब लोग ऑनलाइन चंदा दें, तो अच्छा है। श्रद्धालु दान देना बंद न करें। मंदिर के बाहर जो गरीब बैठे हैं, उन्हें दीजिए। यहां पानी की व्यवस्था करवा दीजिए। यह सब सही रहेगा।

नाराजगी सिर्फ आम पब्लिक ही नहीं, संतों में भी है। हनुमानगढ़ी के महंत महेश योगी कहते हैं- जो कुछ हुआ, उसने रामभक्तों को आघात पहुंचा है। उनके मन में शंका है कि जो दान या बहुमूल्य चीज दे रहे हैं, क्या वो भगवान की सेवा में लग रही हैं? हम तो यही चाहते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच हो। दोषियों को सजा दी जाए। जो दान आ रहा है उसका सही इस्तेमाल हो।

2020 से 2024: 4 साल तक रोज ₹2.43 करोड़ चंदा आया

5 फरवरी, 2020 को मंदिर ट्रस्ट बनने के बाद चंदा इकट्ठा करने का काम शुरू हुआ। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी- 2021 तक ट्रस्ट को कुल 1511 करोड़ रुपए का चंदा मिला था। वहीं, राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा (22 जनवरी, 2024) तक सभी स्रोतों (ऑनलाइन, दानपेटी, हर घर समर्पण निधि कार्यक्रम) से करीब 3500 करोड़ रुपए का चंदा आ चुका था।

इस तरह हर साल करीब 875 करोड़ रुपए चंदा आया। महीने के हिसाब से देखें तो 2020 से 2024 तक हर महीने करीब 72.92 करोड़ रुपए यानी रोजाना करीब 2.43 करोड़ रुपए का चंदा आता रहा।

ट्रस्ट की बैठक में 22 अगस्त, 2024 को बताया गया कि भूमिपूजन (5 अगस्त, 2020) के बाद से 13 क्विंटल चांदी और 20 किलो सोना मिला है। मंदिर निर्माण में खर्च के बाद खाते में 2600 करोड़ रुपए बचे थे।

2024 से 2025: 14 महीने तक रोज ₹36 लाख चढ़ावा आया

प्राण-प्रतिष्ठा के बाद दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बड़ी तेजी से बढ़ी थी। शुरुआत के 11 दिन में सिर्फ दानपेटियों से ही 11 करोड़ रुपए से ज्यादा का दान आया। वहीं, एक महीने में करीब 25 करोड़ रुपए चढ़ावा आया। हालांकि, इसके बाद दान में आने वाली रकम कम होती गई।

आंकड़ों के मुताबिक जनवरी, 2024 से मार्च, 2025 तक कुल 153 करोड़ रुपए दान में आए। इन दौरान हर महीने करीब 10.93 करोड़ रुपए यानी रोजाना करीब 36.43 लाख रुपए चढ़ावा आया। वहीं, ट्रस्ट के खाते में जमा रकम पर 173 करोड़ रुपए ब्याज मिला।

2025 से 2026: दानपेटियों में रोज ₹16.6 लाख आए

21 मार्च, 2026 को ट्रस्ट की बैठक में अप्रैल, 2025 से 28 फरवरी, 2026 तक का लेखा-जोखा पेश किया गया। इन 11 महीनों में सिर्फ 82 करोड़ रुपए का दान मिला। हर महीने करीब 7.45 करोड़ और रोजाना करीब 24 लाख रुपए चढ़ावा आया।

कुल चढ़ावे में से 54.79 करोड़ दानपेटियों से, 18.88 करोड़ काउंटर से, 8.33 करोड़ ऑनलाइन और 78 लाख रुपए विदेशों से श्रद्धालुओं ने दिए थे। दानपेटियों में रोजाना करीब 16.60 लाख का चढ़ावा आया था।

3 बैंकों (SBI, PNB और बैंक ऑफ बड़ौदा) में जमा रकम पर 138 करोड़ रुपए ब्याज मिला था, यानी कुल 221 करोड़ रुपए की कमाई हुई। सूत्रों के मुताबिक, चढ़ावा चोरी मामले में जो लोग पकड़े गए हैं, वे सभी इसी दौरान भर्ती किए गए थे।

15 जून से 19 जून, 2026: रोज का चढ़ावा ₹1 लाख से कम

चढ़ावा चोरी मामले का श्रद्धालुओं के चढ़ावे पर गहरा असर पड़ा है। दानपेटियों की गिनती में लगे एक कर्मचारी ने बताया- पहले सामान्य दिनों में 8 से 12 लाख रुपए तक दानपेटियों से निकलते थे। अब पिछले 5 दिनों से 1 लाख रुपए से कम निकल रहे हैं।

कर्मचारी के मुताबिक- 15 से 19 जून के बीच रोजाना 85 हजार से 95 हजार रुपए का चढ़ावा ही दानपेटियों से निकला। हालांकि, श्रद्धालुओं की संख्या में कोई असर नहीं पड़ा है। 7 जून को विवाद की शुरुआत हुई थी। उस दिन 1.21 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे। इसके बाद भी रोजाना करीब इतने ही श्रद्धालु आ रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, दानपात्रों की गिनती अब पहले से ज्यादा चौकन्ना होकर की जा रही है। पहले की तरह अब भी चढ़ावे की गिनती ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा की देख-रेख में हो रही है। राम मंदिर से करीब 200 मीटर दूर यात्री सुविधा केंद्र के तहखाने में चढ़ावे की गिनती होती है। गिनती कक्ष के ठीक बगल में अनिल मिश्रा का केबिन है।

चढ़ावे का लेखा-जोखा अयोध्या के रिटायर्ड बैंक अधिकारी सुभाष श्रीवास्तव देखते हैं। वे भी लंबे वक्त से संघ से जुड़े हैं। मंदिर परिसर में कुल 35 दानपेटियां लगाई गई हैं। सभी को रोजाना दो बार खोला जा रहा है। इस दौरान ट्रस्ट और बैंक के 4 कर्मचारी उपस्थित रहते हैं। गिनती का काम दो शिफ्टों में हो रहा है।

पहली शिफ्ट सुबह 8 बजे शुरू होती है और 2 बजे तक चलती है। दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 से रात 8 बजे तक चलती है। हर शिफ्ट में करीब 20 लोग काम करते हैं। इसमें बैंक के कुछ स्थायी और कुछ आउटसोर्सिंग कर्मचारी शामिल हैं। दावा है कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी ट्रस्ट के लोगों की सिफारिश पर रखे गए थे। SIT ने इनमें कई से पूछताछ की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *