प्रयागराज : सपा प्रमुख अखिलेश यादव रविवार को प्रयागराज पहुंचे। यहां उन्होंने राम मंदिर कब जाएंगे, इस पर जवाब दिया। अखिलेश ने कहा कि इटावा में केदारेश्वर मंदिर बनते ही हम मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के दर्शन करने जाएंगे।
इस दौरान अखिलेश ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि अयोध्या ही नहीं, पूरे उत्तर प्रदेश में जनता आक्रोशित है। सुना है डोनेशन के तार कर्नाटक और महाराष्ट्र से जुड़े हैं। असली संतों को अपनी बात नकली संत तक पहुंचाने में बहुत समय लगेगा, भाजपा के शब्दकोष में न धर्म है न शर्म है।
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के मंदिर को लेकर जिस तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं, वो किसी ने सोचा भी नहीं था। उन्होंने कहा- भाजपा 4C पर काम कर रही है- चंदा, चोरी, चतुराई, चालाकी।

अखिलेश यादव एयरपोर्ट से बाहर निकले तो कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।

रुद्राक्ष होटल में प्रेस वार्ता से पहले अखिलेश यादव ने सभी से हाथ जोड़कर नमस्कार किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने पेपर लीक मुद्दे का जिक्र किया।
अखिलेश बोले- चोर-चोर सौतेले भाई, जिन्होंने चुराई राम की पाई
प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर भाजपा पर कटाक्ष किया। उन्होंने चार लाइन को कविता के अंदाज में कहा- चोर-चोर मौसेरे भाई, जिन्होंने चुराई राम की पाई। देखो जा रहा वो भाजपाई, जिसने खाई राम की पाई।
69 हजार शिक्षक भर्ती में OBC और SC-ST की भागीदारी कम रही
अखिलेश यादव ने कहा समाजावादी पीडीए ऑडिट में हमने सबसे पहले पेज पर 2019 में हुए 69 हजार शिक्षक भर्ती का जिक्र है। संविधान के तहत जितना मिलना चाहिए, उतना नहीं मिला। इस किताब में जो सवाल हैं, उसका जवाब भाजपा सरकार ने नहीं दिया है।

