नई दिल्ली : कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने दावा किया कि हर साल NEET परीक्षा देने वाले 22 लाख छात्रों और उनके परिवारों से व्यवस्था के जरिए ₹1.32 लाख करोड़ खर्च कराए जाते हैं। यह राशि देश के पूरे शिक्षा बजट ₹1.40 लाख करोड़ के लगभग बराबर है।
प्रियंका गांधी ने बुधवार रात X पोस्ट में ये भी लिखा- मैं एक बात और जोड़ना चाहती हूं कि भारत सरकार ने अपने पसंदीदा कारोबारियों के जो लोन माफ किए, वे 16 लाख करोड़ रुपए हैं।
प्रियंका की यह टिप्पणी राहुल गांधी के कोटा दौरे के बाद आई। राहुल ने बुधवार को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के तहत छात्रों से बातचीत में शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते दबावों पर चर्चा की थी।
इधर, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET री-एग्जाम के एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया में बदलाव किया है। अब उम्मीदवार बैंक खाते का वेरिफिकेशन पूरा किए बिना भी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

राजस्थान के कोटा में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल ने छात्रों से चर्चा की।
राजस्थान के कोटा में राहुल का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम
राहुल गांधी ने 17 जून को कोटा के दशहरा मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में सैकड़ों छात्रों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान का एजुकेशन सिस्टम अपने बच्चों को प्रेशराइज करता है। यह उन्हें स्ट्रेस (तनाव) देता है। मैं चाहता हूं कि हम सब मिलकर इसके खिलाफ लड़ाई लड़ें, ताकि आगे से किसी भी बच्चे को ऐसा (आत्महत्या जैसा) आत्मघाती कदम न उठाना पड़े।
राहुल गांधी ने कहा कि पांच प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में आपके परिवारों की जेब से उतना पैसा छीन लिया जाता है, जितना पांच मंत्रालयों का बजट है। NEET, JEE सहित 5 परीक्षाओं की तैयारी पर परिवारों की जेब से 5 लाख करोड़ चले जाते हैं।
NTA ने NEET री-एग्जाम एडमिट कार्ड डाउनलोड की प्रक्रिया बदली
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET (UG) 2026 री-एग्जाम के एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब उम्मीदवार बैंक खाते का वेरिफिकेशन पूरा किए बिना भी अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। पहले इस शर्त के कारण कई छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
NTA ने बुधवार को X पर पोस्ट में बताया- छात्र पहले अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं और बाद में परीक्षा शुल्क रिफंड प्रक्रिया के लिए जरूरी बैंक खाता वेरिफिकेशन पूरा कर सकते हैं। बैंक वेरिफिकेशन बाद में करने पर भी उम्मीदवार फीस रिफंड के लिए पूरी तरह पात्र रहेंगे।
NTA ने कहा कि अगर बैंक डिटेल्स पेंडिंग होने की वजह से स्टूडेंट्स पहले एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पा रहे थे, तो अब तुरंत एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। बैंक खाता वेरिफिकेशन बाद में पूरा कर सकते हैं और फिर भी फीस रिफंड प्रक्रिया के लिए पात्र रहेंगे।
21 जून को होगा री-एग्जाम
NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। री-एग्जाम एक ही शिफ्ट में दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगा। प्रशासनिक प्रक्रियाओं के लिए छात्रों को अतिरिक्त 15 मिनट का समय भी दिया जाएगा। NTA के मुताबिक, दोबारा होने वाली इस परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है।
12 जून: रीएग्जाम 3:15 घंटे का होगा, 4 रफ वर्क शीट मिलेंगी
NTA ने NEET-UG रीएग्जाम में कुछ बदलाव किए हैं। 12 जून को जारी नई गाइडलाइंस के मुताबिक, परीक्षा का समय अब 180 मिनट से बढ़ाकर 195 मिनट कर दिया गया है। इसके अलावा आंसर शीट में रफ वर्क के लिए भी जगह बढ़ाई गई है।

