दैनिक उजाला, मथुरा : वृंदावन चंद्रोदय मंदिर द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ब्रज हेरिटेज फेस्ट-2026 में गोवर्धन रोड स्थित राधा सिटी निवासी आराग्या शर्मा ने अपनी उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें आयोजकों द्वारा सम्मानित भी किया गया, जिससे परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
ब्रज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में ब्रज और आसपास के विभिन्न विद्यालयों के हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में राजस्थानी लोक नृत्य, सोलो क्लासिकल परफॉर्मेंस, समूह गायन, वैदिक मंत्र प्रतियोगिता, लोकगीत सहित अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने अपनी कला और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।


आराग्या शर्मा ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायकों और दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। मंच पर उनके आत्मविश्वास, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और प्रस्तुति की सभी ने सराहना की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें समारोह में सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि क्षेत्र का भी गौरव बढ़ाया है।
गौरतलब है कि ब्रज हेरिटेज फेस्ट वृंदावन चंद्रोदय मंदिर का एक प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजन है। वर्ष 2019 में इस महोत्सव में 45 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इस वर्ष भी विभिन्न रोचक प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया गया। विजेताओं एवं उत्कृष्ट प्रतिभागियों को लैपटॉप, टैबलेट, किंडल, साइकिल सहित आकर्षक पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए गए।
अग्राग्य शर्मा की इस उपलब्धि पर परिजनों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनका कहना है कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और ब्रज की समृद्ध परंपरा से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।

