- उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित यूपी राइज का जीएलए में भव्य आयोजन, छात्रों को स्टार्टअप, रोजगार और सरकारी योजनाओं की जानकारी
दैनिक उजाला, मथुरा : उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को उद्यमिता, नवाचार, रोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जीएलए विश्वविद्यालय में उत्तर प्रदेश सरकार एवं टाइम्स नेटवर्क के संयुक्त तत्वावधान में ‘यूपी राइज 26’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘संवाद, संकल्प, सफलता’ की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को अपने करियर के साथ-साथ बिजनेस, स्टार्टअप, कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल, कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता, चीफ फाइनेंस ऑफिसर डॉ. विवेक अग्रवाल, कुलसचिव अशोक कुमार सिंह, कार्यक्रम की अतिथि सीए पलक राठी तथा शांतनु गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, यूपी स्टार्टअप, यूपी स्किल मिशन, सीएम अभ्युदय योजना, कन्या सुमंगला योजना, यूपी महिला सामर्थ्य योजना और मिशन शक्ति जैसी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और स्टार्टअप के क्षेत्र में अनेक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ‘यूपी राइज 26’ जैसे आयोजन इन अवसरों की जानकारी सीधे विद्यार्थियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि अपने विचार और प्रतिभा के बल पर रोजगार देने वाला उद्यमी भी बन सकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपने भीतर मौजूद प्रतिभा और रुचि को पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करें। यदि किसी विद्यार्थी के पास कोई नया बिजनेस आइडिया या इनोवेटिव आइडिया है तो उसे केवल सोच तक सीमित न रखें, बल्कि उसके बारे में जानकारी जुटाएं, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लें और उसे व्यवहारिक रूप देने का प्रयास करें। सरकार की योजनाएं युवाओं को आगे बढ़ने के लिए आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और अन्य जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही हैं। नारायण दास अग्रवाल ने कहा कि जीएलए विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनके सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नई सोच, कौशल, नेतृत्व क्षमता और उद्यमिता के लिए प्रेरित किया जाता है।
लेखक, टेडएक्स वक्ता और राजनीतिक विश्लेषक शांतनु गुप्ता ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि करियर की शुरुआत में उन्हें भी सरकारी योजनाओं और विभिन्न पहलों की बहुत अधिक जानकारी नहीं थी। फाइनेंस और अकाउंटिंग से करियर शुरू करने के बाद जब उन्होंने विभिन्न योजनाओं एवं सरकारी पहलों के बारे में जाना तो उन्हें महसूस हुआ कि युवाओं के बीच अवसरों की जानकारी और जागरूकता का अंतर मौजूद है। इसी कारण वह युवाओं के बीच ऐसी जानकारी पहुंचाने को महत्वपूर्ण मानती हैं। सीए पलक राठी ने युवाओं को अपने कौशल और विचारों को नए अवसरों में बदलने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्टार्टअप, यूपी स्टार्टअप पॉलिसी 2026, बिजनेस, रोजगार, स्किल ट्रेनिंग, प्रतियोगी परीक्षाओं, फ्री कोचिंग और सरकारी योजनाओं से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि अपने लक्ष्य के अनुसार उपलब्ध सरकारी सहायता और अवसरों को किस प्रकार समझा और उपयोग किया जा सकता है। सीएम-युवा योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के ब्याज-मुक्त ऋण सहित युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सवाल-जवाब किए और अपने करियर एवं उद्यमिता से जुड़े विचार साझा किए। कार्यक्रम ने युवाओं को नौकरी के साथ स्वरोजगार, स्टार्टअप और नवाचार की संभावनाओं को समझने का अवसर दिया।
कार्यक्रम से पूर्व ट्राइबवाइब-ए बुक माय शो एंटरप्राइज के सीनियर एग्जीक्यूटिव सेल्स शाश्वत खन्ना ने कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल, कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता, चीफ फाइनेंस ऑफिसर डॉ. विवेक अग्रवाल, कुलसचिव अशोक कुमार सिंह का स्वागत किया। इस दौरान जीएलए टीबीआई के वाईस प्रेसीडेंट रविकुमार तिवारी, कोर्डिनेटर जितेंद्र कुमार, सौरभ तिवारी, दीपक शर्मा, दीपांश, राहुल अरोरा तथा जीएलए के डीन स्टूडेंट वेलफेयर विभाग के सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा।
10 टीमों ने अपने स्टार्टअप आइडिया पर पिच प्रस्तुत किया
कार्यक्रम के अगले चरण में 10 टीमों ने अपने स्टार्टअप आइडिया पर पिच प्रस्तुत किया, जिसमें प्रथम स्थान जीएलए यूनिवर्सिटी के इनक्यूबेटर में इनक्यूबेटेड जीएलए छात्र स्टार्टअप ‘लिटिल लिंगो’ को एवं द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से जीएलए छात्र स्टूडेंटट टीम ‘फिटेड’ एवं धृतम’ को प्राप्त हुआ।

