मथुरा : मथुरा में राधारानी का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। शनिवार सुबह 4 बजे बरसाना के श्रीजी मंदिर में कमल के फूल पर राधारानी प्रकट हुईं। मंदिर जय श्रीराधे के जयकारों से गूंज उठा। पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच ढोल-नगाड़े बजाए। इसके बाद 25 किलो दूध, दही, घी, बूरा (पिसी हुई चीनी) और शहद से राधारानी का अभिषेक किया गया।
महिलाएं सखी के रूप में बधाई देने पहुंच रही हैं। राधाजी के दर्शन कर जमकर झूम रही हैं। सेल्फी ले रही हैं। राधारानी के 5254वें जन्मोत्सव पर देश-विदेश से 30 लाख श्रद्धालुओं के बरसाना पहुंचने की संभावना है। राधाष्टमी पर मथुरा के सभी मंदिरों को सजाया गया है। भगवान बांके बिहारी लाल का राधारानी के रूप में श्रृंगार किया गया।
बरसाना में दोपहर में दधीकांधा होगा। शाम 7 बजे गौड़िया मठ, महावन और गोवर्धन से चाव और बधाई गायन होगा। इसके बाद राधावल्लभ मंदिर से बड़े रास मंडल तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।
इधर, राधाष्टमी को लेकर प्रशासन अलर्ट है। 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात हैं। CCTV और ड्रोन से निगरानी हो रही है। श्रद्धालुओं के लिए यूपी रोडवेज की 160 विशेष बसें चलाई जा रही हैं। 12 मेडिकल कैंप भी लगाए गए हैं।

राधारानी के जन्म के बाद 25 किलो दूध, दही और घी से उनका अभिषेक हुआ।

सखी के रूप में पहुंचीं महिलाएं राधाजी के दर्शन कर भजनों पर डांस कर रही हैं।

राधारानी के जन्म के बाद भक्तों ने जय श्रीराधे के जयकारे लगाए। देश-विदेश से 30 लाख श्रद्धालुओं के बरसाना पहुंचने की संभावना है।
भक्त बोली- राधारानी के जन्म की खुशी को शब्दों में बयान नहीं कर सकतीं
राधाजी के जन्मोत्सव में शामिल होने आई एक महिला ने कहा- आज लाड़ली जी का जन्म हुआ है। आज का दिन मेरे लिए बड़ी खुशी का दिन है। मैं अपनी खुशी को शब्दों में बयान नहीं कर पा रही हूं। वृषभान जी के आंगन में कन्या के जन्म से आनंद छा गया है। श्री स्वामी जी और श्री श्यामा जी ने पतित और अधम लोगों पर भी कृपा की है।
भजन गाते हुए उन्होंने कहा-
“हो चलो वृषभान गोप के द्वार, कन्या जाई है… हमारी श्री श्यामा जू आई है… हमारी श्री स्वामिनी आई है। सरकार बधाई हो, श्री स्वामी जू सरकार बधाई हो।”
पीएसी की 2 कंपनियां, 6 वॉच टावर बनाए गए
- बरसाना में सुरक्षा के लिए 8 अपर पुलिस अधीक्षक, 38 पुलिस उपाधीक्षक, 75 निरीक्षक, 320 उप निरीक्षक और 68 महिला उपनिरीक्षक तैनात हैं। पीएसी की 2 कंपनियां और पीएसी फ्लड की 2 प्लाटून भी लगाई गई।
- 6 वॉच टावर बनाए गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 88 बैरियर और 14 बैरिकेडिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। भारी वाहनों के रूट में डायवर्जन किया गया। यूपी रोडवेज की 160 विशेष बसें चलेंगी। 40 बसें रिजर्व रहेंगी। हर बस में दो चालक तैनात किए गए हैं। बरसाना में अस्थायी बस स्टैंड भी बनाया गया।
- प्रशासन ने 50 पार्किंग स्थल और 38 होल्डिंग एरिया बनाए हैं। 7 स्थानों पर जूता घर की व्यवस्था की गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने मेला क्षेत्र में 12 मेडिकल कैंप लगाए हैं। आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस और बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था है। एंटी-वेनम दवाएं भी रहेंगी।
- मेला प्लास्टिक मुक्त रहे। इसके लिए प्रशासन ने तैयारी की है। भंडारा संचालकों को कूड़ेदान रखने और नियमित कूड़ा उठान के आदेश दिए हैं।

