Breaking
Mon. Nov 23rd, 2026

हरिद्वार अर्धकुंभ में न लगे जाम, बना धांसू प्लान… तीनों दिशाओं पर यातायात थानों का इंतजाम

  • हरिद्वार अर्धकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ से होने वाले जाम से निपटने के लिए मेला पुलिस ने योजना बनाई है

हरिद्वार : अर्धकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने पर जाम से न जूझना पड़े, मेला पुलिस ने इसके लिए पहले से योजना बनाई है। तीन तरफ से आने वाले यातायात को नियंत्रित करने के लिए तीनों दिशाओं में यातायात थाने बनाए जाएंगे।दिल्ली और हरियाणा-पंजाब से आने वाले यातायात के लिए रिंग रोड पर मेला थाना बनेगा।

बिजनौर, मुरादाबाद व बरेली से आने वाले यातायात के लिए चिड़ियापुर-श्यामपुर और हिमाचल की ओर से बिहारीगढ़ होते हुए हरिद्वार आने वाले यातायात के लिए सिडकुल-बुग्गावाला मार्ग पर थाना बनाया जाएगा। तीनों थानों की जगह चिन्हित हो गई हैं। मेला आइजी डा. योगेंद्र सिंह रावत ने जल्द तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

तीन रूटों से पार्किंग तक पहुंचेंगे वाहन

अर्धकुंभ के दौरान तीनों रूटों से आने वाले वाहन सीधे पार्किंग में पहुंचेंगे। इसलिए अलग-अलग दिशाओं में तीन यातायात थाने स्थापित करने की तैयारी है। तीनों यातायात थानों की भूमिका केवल वाहनों को हरिद्वार की सीमा में प्रवेश कराने तक सीमित नहीं रहेगी।

संबंधित मार्गों से आने वाले वाहनों को निर्धारित रूट पर संचालित करना और उन्हें तय पार्किंग स्थलों तक पहुंचाना भी इनकी जिम्मेदारी होगी। इसके लिए प्रवेश मार्गों पर यातायात की स्थिति पर नजर रखी जाएगी।

किसी दिशा से वाहनों की संख्या अचानक बढ़ने पर उसी के अनुसार यातायात संचालन किया जा सकेगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह रहेगा कि बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों का दबाव एक साथ शहर के भीतर न पहुंचे और प्रमुख मार्गों पर अनावश्यक जाम की स्थिति न बने।

32 सेक्टर थानों से जुड़ेगी यातायात व्यवस्था की कड़ी

अर्धकुंभ में मेला क्षेत्र के भीतर प्रस्तावित 32 सेक्टर थानों के साथ भी तीनों यातायात थानों का समन्वय रहेगा। प्रवेश मार्गों पर वाहनों की स्थिति और मेला क्षेत्र में यातायात के दबाव के अनुसार आपसी तालमेल से व्यवस्था संचालित की जाएगी।

तीनों थानों में जरूरत के अनुसार पुलिसकर्मियों की तैनाती और शिफ्टवार ड्यूटी की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे लगातार यातायात निगरानी बनी रहे। इस तरह बाहरी मार्गों से लेकर मेला क्षेत्र और पार्किंग स्थलों तक यातायात प्रबंधन की अलग-अलग जिम्मेदारियों को आपस में जोड़ा जाएगा।

अर्धकुंभ के दौरान लाखों की संख्या में वाहन हरिद्वार पहुंचेंगे। इसलिए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए तीन यातायात थाने बनाए जाएंगे। जगह चिन्हित कर ली गई है, जल्द ही थाने वजूद में आ जाएंगे। यातायात थानों से प्रत्येक प्रवेश मार्ग पर अलग पुलिस व्यवस्था रहेगी और श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच धर्मनगरी की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिल सकेगी। – डा. योगेंद्र सिंह रावत, आइजी अर्धकुंभ मेला हरिद्वार

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *