आगरा : आगरा में मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के पैतृक घर का शुद्धिकरण किया गया। ज्ञानेश कुमार की 76 वर्षीय मां सत्यवती ने कहा, “28 सितंबर को कुछ राक्षस प्रवृत्ति के लोग घर के बाहर आए थे। उन्होंने घर को गंदा किया था। अब घर को शुद्ध किया जा रहा है।”
उन्होंने कहा कि यह धार्मिक आयोजन है। इसे शांतिपूर्वक और शांति के लिए किया गया। घर के बाहर अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा की महिलाएं जुटीं। सभी ने पीले रंग के कपड़े पहन रखे थे। महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। इसके बाद CEC के घर पहुंचकर गंगाजल का छिड़काव कर शुद्धिकरण किया गया। इसके बाद सुंदरकांड का पाठ किया।
ज्ञानेश कुमार का पैतृक घर आगरा के विजय नगर में है। 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान घर की दीवार और मुख्य गेट पर कालिख पोत दी गई थी। साथ ही स्प्रे से ‘वोट चोर’ और ‘गद्दार’ लिखा गया था।
ज्ञानेश कुमार के घर सुंदरकांड का पाठ शुरू
ज्ञानेश कुमार के पिता डॉ. सुबोध कुमार सहित अन्य लोगों ने सुंदरकांड का पाठ शुरू किया है। सुंदरकांड की किताब को माथे से लगाया। इसके बाद पाठ शुरू किया।
ज्ञानेश कुमार के घर का शुद्धिकरण किया गया

ज्ञानेश कुमार की मां और महासभा की महिलाओं ने गंगाजल का छिड़काव कर घर को शुद्ध किया।

अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा ने शंख और घंटा बजाकर कलश यात्रा निकाली।
ज्ञानेश कुमार के पिता बोले- विपक्ष जहां जीतता है, वहां शोर नहीं मचाता
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पिता डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता ने कहा कि करीब 4-6 दिन पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों ने उनके घर को गंदा किया था। उसी जगह की सफाई और शुद्धिकरण के लिए यह कार्यक्रम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, “यह जो यहां कार्यक्रम हो रहा है, इसका उद्देश्य यही है कि झूठ को झूठ और सत्य को सत्य रहने दिया जाए। विपक्ष ऐसा इसलिए कर रहा है कि झूठ को किसी तरह सत्य दिखाया जा सके, लेकिन ऐसा नहीं हो सकता।”
डॉ. गुप्ता ने आरोप लगाया कि विपक्ष किसी भी तरह देश की सत्ता हासिल करना चाहता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जहां जीतता है, वहां इस तरह का शोर नहीं मचाता। सत्ता में आने के लिए ही इस तरह की गतिविधियां की जा रही हैं।
28 सितंबर को कांग्रेसियों ने घर की दीवार पर पोती थी कालिख

28 सितंबर को विजय नगर स्थित ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास के बाहर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान घर की दीवार और मुख्य गेट पर कालिख पोत दी। स्प्रे से ‘वोट चोर’ और ‘गद्दार’ लिखा। पुलिस ने हरीपर्वत थाने में अनिल यादव प्रदेश महासचिव (संगठन) आजमगढ़ एवं मुकेश धनगर, जिलाध्यक्ष कांग्रेस मथुरा तथा उनके अन्य साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। सभी पर दंगा, रास्ता रोकने, गृह अतिचार और अन्य धाराओं के साथ धारा 109 (2) में केस दर्ज कर किया था।

