मथुरा : मथुरा के छाता कस्बे में अघोषित बिजली कटौती से नाराज उपभोक्ताओं ने शुक्रवार रात बिजली घर का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। आबकारी मोहल्ला सहित विभिन्न इलाकों के दर्जनों लोग रात करीब 10 बजे बिजली घर पहुंचे और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। हालातों को सुधारने के लिए SE देहात पर निरीक्षण तक को समय नहीं है, फ़ोन भी उठता नहीं है। उपभोक्ताओं का कहना है कि हाल बेहाल हैं।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे से अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप है। पूरे दिन बिजली न मिलने से घरों में पेयजल संकट खड़ा हो गया, विद्युत उपकरण बंद रहे और भीषण उमस के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया। व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी इसका असर पड़ा।
आक्रोशित उपभोक्ता जब अपनी शिकायत लेकर बिजली घर पहुंचे, तो वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं मिला। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
चेयरमैन प्रतिनिधि फाल्गुन उर्फ कान्हा के नेतृत्व में लोगों ने बिजली घर के बाहर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने विभाग की लचर व्यवस्था और कथित भेदभावपूर्ण आपूर्ति पर नाराजगी जताई।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ चुनिंदा इलाकों में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जबकि अधिकांश मोहल्लों को घंटों से अंधेरे में रखा गया है। कुछ लोगों ने रिश्वतखोरी के आरोप भी लगाए और निष्पक्ष तरीके से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थायी समाधान का आश्वासन नहीं देता और नियमित बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और बिजली घर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करते रहे। देर रात तक बिजली घर पर प्रदर्शन जारी रहा और उपभोक्ता विभाग के अधिकारियों के आने का इंतजार करते रहे।



