Breaking
Fri. Apr 24th, 2026

सर्दियों में नहीं हुए काम, अब गर्मी में दिन-रात कटौती से कराह रहा मथुरा का बलदेव, देखने वाला कोई नहीं

दैनिक उजाला, मथुरा (बलदेव) : कस्बा बलदेव में बिजली विभाग की आरडीएसएस योजना के तहत प्रस्तावित कार्य समय पर पूरे नहीं हो सके, जिसका खामियाजा अब भीषण गर्मी में आमजन को भुगतना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि जिन विद्युत कार्यों को सर्दियों के दौरान पूरा किया जाना चाहिए था, वे अब गर्मी के चरम पर शटडाउन लेकर कराए जा रहे हैं, जिससे दिन के साथ-साथ रात में भी भारी कटौती हो रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते योजना के कार्य पूरे कर लिए जाते तो आज यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते अब गर्मियों में ही मेंटेनेंस और सुधार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है—एक ओर भीषण गर्मी, दूसरी ओर लगातार बिजली कटौती।

कस्बे में दिन के समय बार-बार शटडाउन लिया जा रहा है, जबकि रात में भी लगातार ट्रिपिंग और कटौती से लोगों की नींद हराम हो रही है। कई क्षेत्रों में लो वोल्टेज और फॉल्ट की समस्या बनी हुई है, जिससे घरेलू उपकरण भी प्रभावित हो रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सर्दियों के मौसम में ही कई बार बिजली विभाग से आग्रह किया गया था कि विद्युत समस्याओं का समाधान कराया जाए और आरडीएसएस के तहत कार्य समय से पूरे कराए जाएं। इसके लिए एसई और चीफ इंजीनियर तक से मांग की गई थी, लेकिन किसी भी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

कार्य अधूरे रहने के चलते ट्रिपिंग व फॉल्ट

बिजली विभाग की आरडीएसएस योजना के तहत चल रहे कार्य अब स्थानीय लोगों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बनते नजर आ रहे हैं। कस्बे में तकनीकी खामियों को समय पर ठीक न किए जाने और कार्य अधूरे रहने के चलते ट्रिपिंग व फॉल्ट की समस्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एसडीओ और जेई तकनीकी समस्याओं को समझने और उनका स्थायी समाधान करने में असमर्थ दिखाई दे रहे हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ती जा रही है।

इस संबंध में एसई देहात सत्यप्रकाश पांडेय का कहना है कि बलदेव से बिजली संबंधित शिकायतें अधिक संख्या में प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने बताया कि एसडीओ बलदेव द्वारा अवगत कराया गया है कि आरडीएसएस योजना के तहत कई कार्य समय पर पूर्ण नहीं हो सके, जिसके कारण फॉल्ट अधिक हो रहे हैं और आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगे और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

अब जब गर्मी अपने चरम पर है, तब अधूरे कार्यों को पूरा करने के नाम पर शटडाउन लिया जा रहा है, जिससे कस्बावासियों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही का खामियाजा उन्हें उठाना पड़ रहा है।

कस्बावासियों ने मांग की है कि बिजली आपूर्ति को सुचारु किया जाए और शटडाउन की समस्या को नियंत्रित किया जाए, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग उठने लगी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *