Breaking
Thu. May 21st, 2026

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया

  • हुनरमंद महिलाएं समाज और परिवार की प्रगति में महत्वपूर्ण

दैनिक उजाला, मथुरा : महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वरोजगार के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से चार साप्ताहिक ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। मानव विकास प्रशिक्षण संस्थान, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्राम भसोरा, पोस्ट जैत, मथुरा में संचालित किया जा रहा है, जो 17 जून तक चलेगा।

कार्यक्रम संयोजक जितेन्द्र शर्मा ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए स्वयं का उद्यम स्थापित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सिलाई, ड्रेस मेकिंग, ज़रदोज़ी, हथकरघा, ब्यूटी पार्लर तथा अन्य हस्तशिल्प आधारित कार्य महिलाओं के लिए रोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन सकते हैं।

उद्घाटन समारोह में समाजसेवी अधिवक्ता ठाकुर करन सिंह ने महिलाओं के कौशल विकास की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हुनरमंद महिलाएं समाज और परिवार की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। तकनीकी प्रशिक्षक जया ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को आत्मविश्वास और रोजगार के नए अवसर प्रदान करते हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिलाओं को थ्रेडिंग, जूड़ा-चोटी, हेयर स्टाइल, पेडिक्योर, ब्लीच, फेशियल, मेकअप आदि की प्रायोगिक एवं सैद्धांतिक जानकारी दी जाएगी।

संस्थान की अध्यक्ष रजनी कुशवाहा ने बताया कि मानव विकास प्रशिक्षण संस्थान महिलाओं एवं बच्चों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था तकनीकी प्रशिक्षण एवं सेमिनारों के माध्यम से महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था महिलाओं को स्वरोजगार स्थापित करने और उद्यमी बनने के लिए निरंतर प्रेरित करती है।

प्रशिक्षण में भाग ले रही महिलाओं ने ऐसे उपयोगी कार्यक्रमों के आयोजन के लिए संस्थान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया। कार्यक्रम के अंत में तकनीकी प्रशिक्षक जया ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *