Breaking
Wed. Nov 18th, 2026

ASP बोले-लड़के के बैग में गांजा रखो, कपल से बदसलूकी:होटल मालिक से 50 हजार की डिमांड; MP में पुलिस अफसरों की ‘वसूली गैंग’ का VIDEO

भोपाल/सिवनी : मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में पुलिस अफसरों की ‘वसूली गैंग’ का वीडियो सामने आया है। होटल मालिक का आरोप है कि पुलिस अफसर उनसे हर महीने 50 हजार रुपए मांग रहे हैं। रकम नहीं देने पर होटल पहुंचकर ग्राहकों और स्टाफ को धमकाया जा रहा है।

वीडियो में एडिशनल SP दीपक मिश्रा, सिटी SP चंचलेश मरकाम और टीआई सतीश तिवारी एक प्रेमी जोड़े को पकड़कर उनके साथ बदसलूकी करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में ASP अपने स्टाफ से यह कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं कि लड़के के बैग में गांजा रखवा दो।

होटल मालिक ने भास्कर को बताया कि पुलिस अफसर बार-बार होटल पहुंचकर उन्हें परेशान कर रहे हैं। अक्टूबर में उन्होंने टीआई सतीश तिवारी को 20 हजार रुपए दिए थे, लेकिन पुलिस अफसरों का कहना है कि उन्हें हर महीने 50 हजार रुपए ही चाहिए।

होटल मालिक के मुताबिक, उन्होंने पुलिस अफसरों से कहा कि होटल में इतनी बुकिंग नहीं होती है, लेकिन उनका जवाब था कि कुछ भी करें, 50 हजार रुपए पूरे देने होंगे।

इधर, मामला सामने आने के बाद सिवनी एसपी कृष्ण लालचंदानी का कहना है कि टीआई को सस्पेंड कर दिया है। सीएसपी और एडिशनल एसपी की भूमिका के संबंध में जांच की जा रही है उसके बाद एक्शन लिया जाएगा

सिवनी के बवरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ के मालिक संजय सनोडिया ने बताया कि पुलिस अफसर पिछले दो महीने से उनसे पैसों की मांग कर रहे हैं। बीते महीने उन्होंने पुलिस को 20 हजार रुपए दिए थे। इसके बावजूद पुलिस अफसर हर महीने 50 हजार रुपए देने का दबाव बना रहे हैं।

संजय के मुताबिक, पैसे नहीं देने पर अक्टूबर में 7, 8 और 9 तारीख को लगातार तीन दिन पुलिसकर्मी होटल में तलाशी लेने पहुंचे। वे धमकी देते हैं कि पैसे नहीं दिए तो होटल नहीं चलने देंगे। साथ ही, होटल में गांजा रखवाकर उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी भी देते हैं।

होटल मालिक ने किया पुलिस अफसरों का स्टिंग ऑपरेशन

होटल मालिक संजय ने बताया कि पुलिस अफसरों की लगातार पैसों की मांग से वे परेशान हो गए थे। इसका असर होटल के कारोबार पर भी पड़ने लगा था। ग्राहकों ने होटल आना कम कर दिया था।

उनका आरोप है कि जब भी पुलिस अफसर होटल पहुंचते थे, वहां लगे CCTV कैमरों का DVR जब्त कर ले जाते थे। इस वजह से उनके पास पुलिस की गतिविधियों का कोई सबूत नहीं बचता था।

इस बार संजय ने होटल में अलग से एक छिपा हुआ कैमरा लगवाया। पुलिसकर्मी इस कैमरे को नहीं देख पाए। उन्होंने एक DVR तो जब्त कर लिया, लेकिन दूसरा सुरक्षित बच गया।

इसी DVR में पुलिस अफसरों के होटल पहुंचने और धमकाने की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। वीडियो 1 मिनट 15 सेकंड का है।

संजय ने बताया कि उन्होंने अपना होटल यश मेश्राम को किराए पर दे रखा है। अक्टूबर में पुलिस ने यश के साथ भी पैसे नहीं देने पर मारपीट की थी।

यश मेश्राम जो होटल को किराए पर चला रहे हैं।

यश मेश्राम जो होटल को किराए पर चला रहे हैं।

होटल के DVR में रिकॉर्ड वीडियो में बातचीत का कुछ अंश

होटल के रिसेप्शन में दाखिल होते ही ASP दीपक मिश्रा: बैठो दोनों। बैठो, बैठ जाओ। दोनों बैठो। सब कुछ समझा रहा हूं, बैठो तुम। बैठो दोनों। उतारो, उतारो, उतारो। क्या? जिंदगी ऐश कर रहे हो। तुम्हें मां-बाप की चिंता नहीं है?

टीआई सतीश तिवारी: शादी करने वाले हैं। कह रहे हैं कि हम दोनों एक ही जाति के हैं। दोनों बालिग हैं और शादी करना चाहते हैं।

ASP दीपक मिश्रा: दोनों बालिग हैं? तो मम्मी-पापा को बुलाओ इनके।

ASP दीपक मिश्रा: लड़की, तू अपना मोबाइल खोलकर अपने पापा को फोन लगा। लड़के को भी यही कहा। अच्छा, तुम ये नहीं चाह रहे हो। चलो, इनके बैग में गांजा रख दो। चलो, इस लड़के के बैग में गांजा रख दो। अब तुम्हारी अच्छी जिंदगी हो जाएगी। गांजा रख दो।

DVR की वो फुटेज जिसको लेकर होटल संचालक का आरोप है कि उससे रिश्वत मांगी गई। साथ ही गांजा रखने की धमकी भी दी गई।

DVR की वो फुटेज जिसको लेकर होटल संचालक का आरोप है कि उससे रिश्वत मांगी गई। साथ ही गांजा रखने की धमकी भी दी गई।

IG ने गंभीरता से लिया, ASP बोले- ये AI जनरेटेड वीडियो

वीडियो सामने आने के बाद SP कृष्ण लालचंदानी ने कोतवाली टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर दिया। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही है।

वहीं, जबलपुर जोन के IG प्रमोद वर्मा ने भी वीडियो में दिख रहे पुलिस अधिकारियों के कृत्य को बेहद गंभीर माना है। उन्होंने बताया कि इस मामले में SP से रिपोर्ट मांगी गई है।

वहीं, ASP दीपक मिश्रा ने भास्कर से बातचीत में पहले वीडियो को AI जनरेटेड बताते हुए फर्जी करार दिया। हालांकि, जब रिपोर्टर ने उन्हें बताया कि IG प्रमोद वर्मा इस मामले में SP से रिपोर्ट मांग चुके हैं, तो उन्होंने फोन काट दिया।

पिछले महीने की 7,8 और 9 तारीख को लेकर भी होटल संचालक ने आरोप लगाए हैं।

पिछले महीने की 7,8 और 9 तारीख को लेकर भी होटल संचालक ने आरोप लगाए हैं।

ठीक एक साल पहले डेढ़ करोड़ रुपए की रिश्वतखोरी का मामला

पिछले साल सिवनी में ही 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात पुलिसकर्मियों ने एक गाड़ी से 3 करोड़ रुपए पकड़े थे। आरोप है कि इसके बाद करीब डेढ़ करोड़ रुपए की रिश्वत लेकर मामला रफा-दफा करने की कोशिश की गई।

तब IG प्रमोद वर्मा ने रातों-रात टीआई अर्पित भैरम समेत 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। अगले दिन DGP कैलाश मकवाणा ने SDOP पूजा पांडेय को भी सस्पेंड कर दिया। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों के पास से 1.45 करोड़ रुपए बरामद हुए थे।

Related Post

One thought on “ASP बोले-लड़के के बैग में गांजा रखो, कपल से बदसलूकी:होटल मालिक से 50 हजार की डिमांड; MP में पुलिस अफसरों की ‘वसूली गैंग’ का VIDEO”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *