- शिक्षा के साथ खेलों में उत्कृष्टता की नई पहल, खिलाड़ियों को मिलेगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण वातावरण
मथुरा : शिक्षा, शोध और नवाचार के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका जीएलए विश्वविद्यालय अब खेलों के क्षेत्र में भी लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर स्थित भव्य खेल प्रांगण में अंतरराष्ट्रीय मानकों पर निर्मित अत्याधुनिक बास्केटबॉल कोर्ट का भव्य उद्घाटन किया गया। यह नया कोर्ट खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए समर्पित किया गया है।
उद्घाटन समारोह में कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता, चीफ फाइनेंस ऑफिसर डॉ. विवेक अग्रवाल, कुलसचिव अशोक कुमार सिंह, चीफ मेंटर डॉ. प्रमोद कुमार जोशी तथा डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. हिमांशु शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कोर्ट का विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन के उपरांत खिलाड़ियों ने आकर्षक प्रदर्शन मैच खेलकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जीएलए विश्वविद्यालय में पहले से दो बास्केटबॉल कोर्ट उपलब्ध हैं, लेकिन खिलाड़ियों की बढ़ती संख्या, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में निरंतर सहभागिता और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह नया कोर्ट तैयार किया गया है। आधुनिक तकनीक और उच्च गुणवत्ता वाली सतह से युक्त यह कोर्ट खिलाड़ियों को पेशेवर स्तर का अनुभव प्रदान करेगा।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की वास्तविक पहचान केवल उसकी शैक्षणिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के समग्र विकास से होती है। जीएलए शुरू से ही शिक्षा के साथ खेलों, सांस्कृतिक गतिविधियों और व्यक्तित्व विकास को समान महत्व देता आया है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि यहां से निकलने वाले विद्यार्थी केवल सफल प्रोफेशनल ही नहीं, बल्कि उत्कृष्ट खिलाड़ी और जिम्मेदार नागरिक भी बनें।
उन्होंने कहा कि जीएलए के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता थी। यह नया कोर्ट निश्चित रूप से खिलाड़ियों को बड़े मंचों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
चीफ फाइनेंस ऑफिसर डॉ. विवेक अग्रवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय में खेलों को शिक्षा का अभिन्न अंग माना जाता है। यही कारण है कि जीएलए खेल अवसंरचना के विकास पर निरंतर निवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विश्वविद्यालय का लक्ष्य ऐसी सुविधाएं विकसित करना है, जहां विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप तैयारी कर सकें।
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि जीएलए विश्वविद्यालय के बास्केटबॉल खिलाड़ियों ने हाल के वर्षों में कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। विश्वविद्यालय की टीम ने आईआईटी पटना में प्रथम स्थान, आईआईटी जोधपुर में प्रथम स्थान तथा एचबीटीयू में स्वर्ण पदक प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। इसके अलावा जीएलए के खिलाड़ी देशभर के विभिन्न आईआईटी, आईआईएम, केंद्रीय विश्वविद्यालयों और राष्ट्रीय संस्थानों में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं एवं स्पोर्ट्स फेस्ट में नियमित रूप से प्रतिभाग कर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।
कार्यक्रम में खेल विभाग के सीनियर मैनेजर आंद्रे बेंजामिन ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन भूपेंद्र कुमार मिश्रा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बास्केटबॉल कोच आशीष कुमार राय ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर कोच जेपी सिंह, आकाश कुमार, राहुल उपाध्याय, रितु जाट, श्याम नारायण राय, मन्नू आर्य, प्रिया तांगड़, सौरभ गुप्ता सहित खेल विभाग के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

