मथुरा : मथुरा के बांके बिहारी मंदिर में महिला सिपाही ने एक श्रद्धालु की पिटाई कर दी। हुआ यूं कि भीड़ बढ़ने पर धक्का-मुक्की हो गई और सिपाही को धक्का लग गया। इस पर सिपाही भड़क गई। गुस्से में उसने दर्शन के लिए लाइन में लगे युवक को टी-शर्ट पकड़कर खींच लिया और ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसाने लगी। 25 सेकेंड में उसने युवक को 8 थप्पड़ जड़ दिए।
महिला के साथी पुलिसकर्मियों ने भी उसे नहीं रोका, बल्कि एक ने युवक का हाथ मरोड़ दिया। बेटे की पिटाई देख मां रोने लगी और चिल्लाती रही, “बेटे को मत मारो, मर जाएगा।” बाकी श्रद्धालु भी बीच-बचाव की कोशिश करते रहे, लेकिन महिला सिपाही नहीं मानी।
पिटाई के बाद पुलिसकर्मी उसे घसीटते हुए वीआईपी वेटिंग एरिया से बाहर ले गए। घटना रविवार की बताई जा रही है। इसका वीडियो सोमवार सुबह 9 बजे सामने आया। अभी तक युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
…

वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक को 3 से 4 पुलिसकर्मी घेरे हुए हैं।

महिला सिपाही लाल टी-शर्ट पहने युवक को मार रही है। एक सिपाही उसे पकड़े हुए है।

एक महिला पीट रहे युवक का बीच-बचाव कर रही लेकिन सिपाही किसी की नहीं सुन रही।
भीड़ ने आपत्ति जताई तो युवक घसीटते हुए बाहर ले गए
- रविवार सुबह युवक परिवार के साथ ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन के लिए आया था। वह गेट नंबर-4 पर वीआईपी रेलिंग के पास लाइन में खड़ा था। इसी दौरान भीड़ बढ़ने से धक्का-मुक्की हुई। महिला सिपाही को धक्का लग गया। गुस्से में महिला सिपाही उसे पीटने लगी।
- बेटे को पिटता देख उसकी मां दौड़कर उसके पास पहुंची। वह रोते हुए पुलिसकर्मियों से उसे छोड़ने के लिए कहती रही, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी। बाकी श्रद्धालुओं ने युवक की पिटाई पर आपत्ति जताई। भीड़ बढ़ती देख पुलिसकर्मी युवक को घसीटते हुए वीआईपी वेटिंग एरिया से बाहर ले गए।

लाल टी-शर्ट वाले युवक को महिला सिपाही और उसके साथी मंदिर से धकियाते हुए बाहर लेकर जाते हुए।
वीडियो में क्या दिख रहा है?
56 सेकेंड के वीडियो में दिख रहा कि वीआईपी रेलिंग के पास लाल रंग की टी-शर्ट पहने युवक को तीन-चार पुलिसकर्मियों ने घेर रखा है। महिला सिपाही उसे रेलिंग के पास से धक्का देते हुए बाहर लेकर आती है। वह चिल्लाते हुए युवक की टी-शर्ट पकड़कर उसे थप्पड़ मारती है।
युवक खुद को बचाने की कोशिश करता है, लेकिन महिला सिपाही उसे नहीं छोड़ती। इसी दौरान युवक की मां पुलिसकर्मियों के सामने खड़ी होकर उसे बचाने की कोशिश करती है, लेकिन महिला सिपाही लगातार थप्पड़ मारती रहती है। पास खड़ा एक पुलिसकर्मी युवक का हाथ पकड़े रहता है। इसके बाद बाकी पुलिसकर्मी उसे घसीटते हुए वहां से बाहर ले जाते हैं।

