Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

स्वच्छ ब्रज के संकल्प को मिला जनसहभागिता का साथ, वृंदावन परिक्रमा मार्ग पर उतरे अधिकारी व समाजसेवी

  • महाअभियान में जीएलए विश्वविद्यालय ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई

दैनिक उजाला, मथुरा/वृंदावन : ब्रज को स्वच्छ, सुंदर और श्रद्धालुओं के लिए आदर्श बनाने के उद्देश्य से रविवार को वृंदावन में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के तत्वावधान में विशाल स्वच्छता महाअभियान आयोजित किया गया। पूरे परिक्रमा मार्ग को 11 सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपी गई। करीब तीन घंटे तक अधिकारी स्वयं झाड़ू लगाकर और कूड़ा उठाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश देते रहे।

अभियान में आगरा मंडल के कमिश्नर नागेंद्र प्रताप सिंह, डीआईजी शैलेश पांडे, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, एसपी सिटी राजीव कुमार, नगर आयुक्त ओजस्वी राज सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी विभिन्न सेक्टरों में सफाई करते दिखाई दिए। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी न फैलाने और स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने की अपील भी की।

इस महाअभियान में जीएलए विश्वविद्यालय ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल, कुलपति प्रो. अनूप कुमार गुप्ता तथा कुलसचिव अशोक कुमार सिंह ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छ ब्रज अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई और समाज को स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अवसर पर जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि जीएलए विश्वविद्यालय वर्षों से ‘उज्ज्वल ब्रज’ के बैनर तले गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर नियमित स्वच्छता अभियान चलाकर ब्रज को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।विश्वविद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाना भी है और भविष्य में भी ब्रज की स्वच्छता के लिए ऐसे अभियानों में सक्रिय सहयोग जारी रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने स्वच्छता रैली में भाग लेते हुए लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने “हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” का नारा लगाते हुए कहा कि वृंदावन की स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और शैक्षणिक संस्थानों की संयुक्त भागीदारी से यह अभियान स्वच्छ ब्रज की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

जानिए किसने कहां पर सफाई की

धानुका आश्रम से इस्कॉन गौशाला तक – डीआईजी शैलेश पांडे

केशीघाट से जगन्नाथ घाट तक – कमिश्नर नागेंद्र प्रताप सिंह

जगन्नाथ घाट से उमा शक्ति पीठ तक – ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्रा

इस्कॉन गौशाला से जादौन पार्किंग तक – डीएम चंद्र प्रकाश सिंह

गंगा मोहन कचहरी से केशीघाट तक – एसएसपी श्लोक कुमार

जादौन पार्किंग से गंगा मोहन कचहरी तक – एसपी सिटी राजीव कुमार

ये तस्वीर कमिश्नर नागेन्द्र प्रताप की है।

ये तस्वीर कमिश्नर नागेन्द्र प्रताप की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *