Breaking
Fri. Jun 5th, 2026

वैभव सूर्यवंशी का असली इम्तिहान तो अब होगा, स्टार स्पोर्ट्स नहीं तो कहां देख पाएंगे लाइव मुकाबले

  • वैभव सूर्यवंशी अब त्रिकोणीय सीरीज में भारत ए के लिए खेलते हुए नजर आएंगे, लेकिन अब 50 ओवर का मुकाबला होगा

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : वैभव सूर्यवंशी आज की तारीख में सबसे ज्यादा चमकते और उभरते हुए सितारे हैं। जब भी वे बैटिंग के लिए मैदान में उतरते हैं तो उनकी बल्लेबाजी देखने में अपना अलग ही रोमांच आता है। इस बीच आईपीएल के बाद अब वे फिर से खेलने ​के लिए तैयार हैं। जल्द ही तीन देशों के बीच त्रिकोणीय सीरीज होने जा रही है। इसकी खास बात ये है कि ये सीरीज वनडे फॉर्मेट पर होगी, यानी पूरे 50 ओवर का मुकाबला होगा। इस बड़े फॉर्मेट में ही वैभव की असली परीक्षा होगी कि वे यहां कैसे रन बनाते हैं। मैच लाइव देखने के​ लिए भी तैयार रहिएगा, लेकिन ये मैच आपको स्टार स्पोर्ट्स पर देखने के लिए नहीं मिलेंगे, ये ध्यान रखिएगा।

भारत, श्रीलंका और अफगानिस्तान की ए टीमों के बीच 9 जून से शुरू हो रही है सीरीज

भारत ए, श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के बीच त्रिकोणीय सीरीज की तैयारी हो रही है। इसका पहला मुकाबला 9 जून को खेला जाएगा। सीरीज श्रीलंका में हो रही है। पहले ही दिन भारतीय ए टीम का मुकाबला श्रीलंका की ए टीम से होगा। इसके बाद 11 जून को भारत का मुकाबला अफगानिस्तान की ए टीम से होगा। सभी टीमें एक दूसरे से दो दो मैच खेलेंगी, उसके बाद जो दो टीमें अंक तालिका में टॉप पर रहेंगी, उनके बीच फाइनल होगा। 

अब तक लिस्ट ए में कैसा रहा है वैभव का प्रदर्शन

ये वनडे सीरीज है, यानी 50 ओवर का मैच होगा। वैभव सूर्यवंशी ने टी20 यानी 20 ओवर के मैच में तो खुद को सा​बित किया है, लेकिन वनडे मैच उन्होंने कम ही खेले हैं, ज​ब वे यहां उतरेंगे तो बदले हुए फॉर्मेट में उनकी बल्लेबाजी पर नजर रहेगी। वैभव अब तक केवल 8 लिस्ट ए मैच खेल चुके हैं। लिस्ट ए का मतलब वनडे मैच होते हैं। इन आठ मुकाबले में उन्होंने 353 रन बनाए हैं। यहां उनका औसत 44.12 का है और वे 164.95 के औसत से रन बना रहे हैं। टी20 क्रिकेट में औसत के बहुत ज्यादा मायने नहीं होते। यहां स्ट्राइक रेट अहम होता है। लेकिन वनडे की बात करें तो इसमें औसत और स्ट्राइक रेट दोनों देखा जाता है। वनडे में वैभव ने अब तक एक शतक और एक अर्धशतक लगाया है। 

वैभव को इस सीरीज में स्पिनर्स से लेना होगा मोर्चा

सीरीज चूंकि श्रीलंका में होगी और यहां के पिचें स्पिनर्स के लिए मददगार होती हैं। साथ ही श्रीलंका और अफगानिस्तान के पास स्पिनर्स की अच्छी खासी फौज है, उनके सामने वैभव कैसे खेल दिखाते हैं, ये अहम हो जाएगा। आईपीएल और टी20 में वैभव का ज्यादा साबका तेज गेंदबाजों से होता रहा है, जहां वे काफी कामया​ब रहे हैं। लेकिन वनडे में जैसे जैसे पिच पुरानी होती है स्पिनर्स अपना कमाल दिखाते हैं। वनडे में ज्यादा देर तक रुकना पड़ता है और बॉल देखकर खेलनी होती है, तभी पता चलेगा कि वैभव कैसी बल्लेबाजी कर रहे हैं। 

सोनी स्पोर्ट्स और फैनकोड पर देख पाएंगे इस सीरीज के लाइव मैच

इस सीरीज के मैचों का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। लेकिन ये याद रखिएगा कि ये मुकाबले आपको स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखने के लिए नहीं मिलेंगे। इस सीरीज के टेलीकास्ट राइट्स सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर है, यानी आप सोनी के खेल चैनल पर जाकर मैचों का लाइव मजा ले सकते हैं। इसके साथ ही अगर आप मोबाइल पर मैच देखना चाहते हैं तो इसके लिए आपको फैनकोड एप पर जाना होगा। यानी जियो हॉट स्टार पर मैच नहीं देख पाएंगे। इसके लिए आपको कुछ पैसे भी खर्च करने पड़ेंगे। 

ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया A टीम: तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), कुमार कुशाग्र (विकेट कीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय। 

#viabhavsuryavanshi #vaibhav #suryavanshi #sports #cricekt #news #cricketnews #viabhavsportsnews

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *