- जीएलए के कुलाधिपति को अग्र उत्सव 2026 का निमंत्रण, 11 से 14 अक्टूबर तक होंगे विविध आयोजन
दैनिक उजाला, मथुरा : वृंदावन में आयोजित होने वाले अग्र उत्सव 2026 को लेकर श्री अग्रवाल सेवा समिति, वृंदावन की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। समिति के पदाधिकारियों ने जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति को अग्र उत्सव 2026 का निमंत्रण पत्र प्रदान किया। चार दिवसीय इस आयोजन में प्रभात फेरी, महाराजा अग्रसेन पूजन, सेवा प्रसादी, रक्तदान शिविर एवं भव्य श्री अग्रसेन मेला सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य महाराजा अग्रसेन की सेवा, सहयोग, सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक विरासत के संदेश को आगे बढ़ाना है।
अग्र उत्सव 2026 का आयोजन 11 से 14 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। कार्यक्रमों की शुरुआत 11 अक्टूबर को सुबह प्रभात फेरी (वाहन द्वारा) से होगी, जिसके बाद महाराजा अग्रसेन पूजन का आयोजन अग्रवाटिका, मथुरा रोड, वृंदावन में होगा। 12 अक्टूबर को दोपहर प्रभुमन सेवा प्रसादी का आयोजन अपना घर, चैतन्य विहार, वृंदावन में तथा 13 अक्टूबर को दोपहर रक्तदान शिविर का आयोजन गणेशीलाल अग्रवाल अतिथि गृह, वृंदावन में किया जाएगा। रक्तदान शिविर के प्रायोजक महेश अग्रवाल ‘दिनेश बीड़ी’, जो कि स्व. सुरेश चन्द्र (दिनेश बीड़ी) वालों की स्मृति में आयोजित होगा।
14 अक्टूबर को रात्रि आनंदा वैली, वृंदावन में भव्य श्री अग्रसेन मेला आयोजित किया जाएगा। मेले में अग्र गौरव सम्मान, माधवी अग्रशक्ति द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति, बच्चों के लिए गेम जोन, विविध बुटीक एवं फूड स्टॉल, आकर्षक आतिशबाजी तथा अन्य मनोरंजक कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके साथ ही लकी ड्रॉ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें इलेक्ट्रिक स्कूटी, एलईडी टीवी, रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, माइक्रोवेव एवं आरओ प्लांट सहित विभिन्न पुरस्कार रखे गए हैं। इसके अतिरिक्त 10 सांत्वना पुरस्कार के रूप में 5 ग्राम चांदी के सिक्के भी प्रदान किए जाएंगे।
अग्र उत्सव 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में जीएलए के कुलाधिपति नारायणदास अग्रवाल तथा के.डी. विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. रामकिशोर अग्रवाल शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि गणेश शरण अग्रवाल, कलकत्ता वाले तथा नरेन्द्र अग्रवाल ‘गंगोत्री’ रहेंगे। समिति की ओर से बताया गया कि महाराजा अग्रसेन की विरासत, सेवा और सम्मान की भावना को समर्पित यह आयोजन सामाजिक एकता एवं सांस्कृतिक सहभागिता का संदेश देगा।
समिति के अध्यक्ष गिरिश सर्राफ, सचिव गौरव अग्रवाल, कोषाध्यक्ष गिरधर अग्रवाल, मेला संयोजक सुनील अग्रवाल ‘पेंट वाले’, अनूप अग्रवाल ‘बजाज’ एवं विनीत अग्रवाल ‘कंठी माला वाले’ ने जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल को निमंत्रण पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर नारायण दास अग्रवाल ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नारायण दस अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की सेवा, सहयोग और समाजहित की भावना आज भी प्रासंगिक है। ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने श्री अग्रवाल सेवा समिति को अग्र उत्सव 2026 की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए सभी आयोजनों के सफल संचालन की कामना की।

