Breaking
Tue. Apr 21st, 2026

लॉजिस्टिक्स की वास्तविक दुनिया से रूबरू हुए जीएलए एमबीए के विद्यार्थी

  • जीएलए के विद्यार्थियों इंडस्ट्रियल विजिट से समझा किताबी ज्ञान और व्यावहारिक ज्ञान का समन्वय

दैनिक उजाला, मथुरा : जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में एमबीए (लॉजिस्टिक्स एंड सप्लाई चेन मैनेजमेंट) के विद्यार्थियों ने हाल ही में ओम लॉजिस्टिक्स के होडल हब का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्योग जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली और समसामयिक गतिविधियों की गहरी समझ विकसित करना था।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को लॉजिस्टिक्स संचालन, वेयरहाउस प्रबंधन और सप्लाई चेन की वास्तविक प्रक्रियाओं से रूबरू कराया गया। ओम लॉजिस्टिक्स के प्रतिनिधि मंडल, जिसमें मानव संसाधन प्रबंधक अर्जुन प्रजापति, हब इंचार्ज महिपाल और सहायक प्रबंधक युवराज सिंह शामिल ने छात्रों को हब की कार्यप्रणाली पर विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने वेयरहाउस डिजाइन, सामग्री प्रवाह, उन्नत तकनीक के उपयोग और डैशबोर्ड आधारित रीयल-टाइम निगरानी जैसे तकनीकी पहलुओं को समझा। इसके अतिरिक्त, औद्योगिक उत्कृष्टता के वैश्विक मानकों जैसे सुरक्षा उपाय, तकनीक और काइजन (सतत सुधार) के व्यावहारिक अनुप्रयोगों की जानकारी भी साझा की गई।
संचालन के विभिन्न चरणों का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों ने न केवल प्रक्रियाओं को निकट से देखा, बल्कि विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। इस शैक्षणिक भ्रमण का कुशल समन्वय डॉ. हिमांशु प्रजापति एवं डॉ. प्रशांत कुमार द्वारा किया गया।

इस अवसर पर प्रबंधन संकाय निदेशक प्रो. अनुराग सिंह ने कहा कि आज के वैश्विक परिदृश्य में लॉजिस्टिक्स एवं सप्लाई चेन मैनेजमेंट एक तेजी से उभरता हुआ क्षेत्र है। यहां निरंतर दक्ष एवं प्रशिक्षित पेशेवरों की मांग बनी हुई है। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योगोन्मुखी दृष्टिकोण प्रदान कर उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने पर केंद्रित है। यह उन कॅरियर-उन्मुख छात्रों के लिए एक उत्कृष्ट मंच है, जो उद्योग आधारित प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के माध्यम से इस क्षेत्र में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए उनके सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित हुआ।

विभागाध्यक्ष प्रो. उत्कल खंडेलवाल तथा एसोसिएट विभागाध्यक्ष प्रो. कृष्णवीर सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया कि यह विशिष्ट पाठ्यक्रम ओम लॉजिस्टिक्स सप्लाई चेन के साथ हुए एमओयू के अंतर्गत संचालित है। इसके तहत पाठ्यक्रम की संरचना और शिक्षण प्रक्रिया को उद्योग जगत की वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप ढाला गया है, जिसमें उद्योग जगत के विशेषज्ञों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित रहती है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2017 से निरंतर संचालित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव और कौशल विकास के माध्यम से सशक्त बना रहा है, जिससे वे बदलते व्यावसायिक परिवेश में प्रभावी भूमिका निभा सकें।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *